जालंधर पहुंचे किसान नेता राकेश टिकैत।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
दिल्ली में तीनों कृषि कानूनों को रद्द करवाने के बाद धरना समाप्त कर लौट रहे किसानों का सोमवार को जालंधर में भव्य स्वागत किया गया। किसानों के साथ जालंधर के पगारपुर पहुंचे किसान नेता राकेश टिकैत को लोगों ने सिर आंखों पर बैठाया। राकेश टिकैत ने कहा कि वह टोल प्लाजा और गन्ने की कीमतों को लेकर संघर्ष जारी रखेंगे।
उन्होंने पंजाब के किसानों और जनता का भरपूर सहयोग देने पर सराहना की। श्री दरबार साहिब में शुकराना करने जा रहे किसान नेता राकेश टिकैत परागपुर में बने पंडाल में पहुंचे, जहां किसानों को मिठाई के साथ बाल्टियां भर बादाम भी बांटे गए। इस मौके पर राकेश टिकैत ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यह जीत आवाम के सहयोग से ही संभव हुई है।
हर जाति, धर्म वर्ग के लोगों ने अनेकता में एकता का परिचय देते हुए अहंकार को सिर झुकाने पर मजबूर किया। कृषि कानून को रद्द करवाने की जीत सिर्फ किसानों की नहीं बल्कि सभी की है। किसान आंदोलन के कारण टोल प्लाजा बंद रहने और अब खुलने पर घाटा पूरा करने के लिए बढ़ाए जा रहे रेट पर टिकैत ने कहा कि सरकारें समझ लें कि अभी आंदोलन खत्म नहीं हुआ है। बहुत सारे मसले ऐसे हैं जिनका हल होना अभी बाकी है। अगर टोल प्लाजा के रेट जैसा कि बताया जा रहा है कि 40 प्रतिशत बढ़ाए जा रहे हैं, अगर यह हुआ तो टोल प्लाजा बंद कर दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा सरकार गेहूं और धान के रेट जैसे दो-ढाई प्रतिशत बढ़ाती है, उसी तरह से टोल प्लाजा के रेट भी बढ़ने चाहिए। आमजन के साथ धक्केशाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर रेट ज्यादा बढ़े तो अगले आंदोलन झेलने के लिए सरकार तैयार रहे। इससे पहले, किसानों के फतेह मार्च पर लोगों ने फूलों की वर्षा की। इस मौके पर विभिन्न संगठनों ने किसानों को सिरोपा देकर स्वागत किया।
फतेह मार्च के दौरान श्री दरबार साहिब अमृतसर में माथा टेकने जा रहे भारतीय किसान यूनियन के प्रमुख राकेश टिकैत का भी सिरोपा देकर स्वागत किया गया। इस मौके पर पुरुष के साथ-साथ किसान महिलाएं भी शामिल थीं। इस मौके पर गुरनाम सिंह चढ़ूनी, मनजीत सिंह राय, हरेंद्र सिंह लक्खोवाल ने इलाके की जनता और किसानों का धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी अगर पंजाबियों पर कोई समस्या आती है वे हमेशा संघर्ष करने को तैयार रहेंगे।