पंजाब यूनिवर्सिटी में फीस वृद्धि पर विद्यार्थियों के उग्र आंदोलन के बाद अब सियासत गरमाने लगी है। हालांकि सभी नेताओं का कहना है कि वे इस विवाद में किसी राजनेता की नहीं बल्कि पीयू के पूर्व छात्र व जिम्मेदार व्यक्ति की हैसियत से जुड़े हैं।
सैलजा ने केंद्र सरकार के सिर फोड़ा ठीकरा
राज्यसभा सांसद कुमारी सैलजा वीरवार को एनएसयूआई को समर्थन देने पीयू कैंपस पहुंचीं। एनएसयूआई सदस्यों से सारे हालात जानने के बाद राज्यसभा सांसद ने इसका सारा ठीकरा केंद्र सरकार पर फोड़ा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में यूजीसी की ओर से पंजाब यूनिवर्सिटी को ग्रांट दिलवाने में किसी प्रकार की दिक्कत कांग्रेस ने नहीं आने दी। सैलजा ने कैंपस में ही बेमियादी भूखहड़ताल पर पीयूसीएसयू के अध्यक्ष निशांत कौशल से भी बातचीत की।
आरएसएस की भाषा बोल रही किरण खेर
Kirron Kher
- फोटो : अमर उजाला
चंडीगढ़ की सांसद किरण खैर द्वारा पीयू छात्रों की समर्थक एवं सोशल एक्टिविस्ट सीमा आजाद पर की टिप्पणी का जवाब वीरवार को पीयू के छात्र संगठन एसएफएस (स्टूडेंट फॉर सोसायटी) ने दिया। एसएफएस नेता अमृत पाल ने कहा कि छात्रों को किरण खेर से यह उम्मीद है कि वे पीयू केआर्थिक संकट को दूर करवाएं, न कि अनावश्यक टिप्णियां करें।
मंत्री जावेड़कर को सौंपी है रिपोर्ट: सत्यपाल
भाजपा के पूर्व सांसद सत्यपाल जैन ने कहा कि वे भी पीयू के आर्थिक हालातों और छात्रों के संघर्ष को लेकर बेहद चिंतित है। वे इस मसले को राजनीति से परे देखते हैं, लेकिन पीयू के आर्थिक हालात पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कुछ व्यवस्थाओं में बदलाव की वजह से बिगड़ने शुरू हुए। उन्होंने मानव संसाधन एवं विकास मंत्री प्रकाश जावेड़कर से मिलकर उन्हे पीयू के आर्थिक हालातों, छात्रों की मांगों और उनकेसंघर्ष से अवगत करवा दिया है।
केंद्र सरकार की बेरुखी से बिगड़े हालात: पवन
पंजाब यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट्स का विरोध प्रदर्शन
पंजाब यूनिवर्सिटी देश ही नहीं दुनिया की नामी विश्वविद्यालयों की श्रेणी में शुमार है, लेकिन अब इसकेहालात ऐसे किए जा रहे हैं, जैसे इस विश्वविद्यालय को बंद करना हो, ये बहुत ही दुखद बात है। वे इस मसले पर गर्वनर वीपी सिंह बदनौर से मिले चुके हैं और उनसे मांग कर चुकेहैं राजनीति से परे सभी दलों का एक प्रतिनिधिमंडल मंत्री प्रकाश जावेड़कर से मिले और उनसे मांग करें कि वे तुरंत प्रभाव से पीयू को अतिरिक्त ग्रांट दिलवाएं।
आज फिर वीसी कार्यालय पर होगा हल्ला
वीरवार को छात्रों की ज्वाइंट स्टूडेंट एक्शन कमेटी के सदस्यों ने छात्रों से संपर्क कर उनका समर्थन फिर से जुटाया। कमेटी ने छात्रों से आह्वान किया है कि शुक्रवार को सुबह नौ बजे से अपनी कक्षाओं का बायकाट शुरू करें और 11 बजे वीसी कार्यालय के समक्ष एकत्रित हो जाएं। छात्र नेता अमृतपाल सिंह ने कहा कि वीसी कार्यालय पर सभी छात्र फीसवृद्धि के खिलाफ धरने पर बैठ जाएंगें और वीसी के खिलाफ नारेबाजी करेंगें। उन्होंने कहा कि न तो पहले छात्रों ने हिंसा छेड़ी थी और न ही अब छात्र हिंसा के समर्थन में है।