बेसन के गट्टों की सब्जी तो आप बनाते ही होंगे, लेकिन क्या कभी आपने राजस्थानी तरीके से गट्टे बनाकर सब्जी बनाई है। क्या आप जानते हैं कि राजस्थानी गट्टा करी वहां की स्पेशल डिश है। खास मौकों पर भी इसे मैन्यू में शामिल किया जाता है तो अगर आप भी राजस्थानी गट्टा करी बनाने का तरीका जानना चाहते है तो आइए बताते हैं आपको-
गट्टे बनाने के लिये ये सामग्री चाहिए-
बेसन - 200 ग्राम ( 1.5 कप)
तेल - 1 टेबल स्पून
दही - 2 टेबल स्पून
खाना सोडा - 1- पिंच
नमक - स्वादानुसार (आधा छोटी चम्मच)
सब्जी की तरी के लिये ये सामग्री चाहिए-
टमाटर - 3-4 (मीडियम आकार के)
हरी मिर्च - 2
अदरक - 1 इंच लम्बा टुकड़ा
ताजा दही - आधा कप
क्रीम या मलाई - 50 ग्राम (एक चौथाई कप)
तेल - 2 -3 टेबल स्पून
हींग - 1 पिंच
जीरा - आधी छोटी चम्मच
हल्दी पाउडर - एक चौथाई छोटी चम्मच
धानिया पाउडर - एक छोटी चम्मच
लाल मिर्च पाउडर - एक चौथाई छोटी चम्मच से कम
गरम मसाला - एक चोथाई छोटी चम्मच से कम
नमक - स्वादानुसार
हरा धनिया - 2-3 टेबल स्पून (बारीक कटा हुआ)
ऐसे बनाएंगे गट्टे-
बेसन को छान कर किसी बर्तन में निकालिये।तेल, नमक, दही और खाने वाला सोडा डालकर अच्छे से मिलाइये।पानी की जरूरत हो तो थोड़ा-सा पानी डालकर ऐसा आटा गूंथे, जैसे नरम परांठे बनाने के लिये गूंथते हैं।गूंथे हुये आटे को 10 मिनट के लिये ढककर रख दीजिये। अब इस बेसन के आटे से छोटी-छोटी टुकड़े कीजिए और करीब आधा या पोना इंच व्यास के और 3-4 इंच लम्बे बेलनाकार रोल बना लीजिये। सारे बेसन के आटे से इसी तरह रोल बना लीजिये।अब किसी बर्तन में करीब 5 कप पानी डालिये और गैस पर उबलने के लिए रख दीजिये। जब पानी में तेजी से उबलने लग जाए तो बेसन के रोल उसमें डालकर 15 मिनट तक उबलने दीजिये। अब पानी से बेसन के गट्टों को निकाल कर एक प्लेट में रख दीजिये। बचा हुआ गरम पानी सब्जी की तरी में काम आ जायेगा।जब गट्टे ठंडे हो जाएं तो उन्हें आधा इंच के टुकड़ों में काट लें। बेसन के गट्टे सब्जी के लिये तैयार हैं।
ऐसे बनाएं सब्जी के लिए तरी-
टमाटर, हरी मिर्च और अदरक बारीक पीस लें। मिक्सर में दही और क्रीम डाल कर मिक्स कर लें। कढ़ाई में तेल गरम करें और हींग, जीरा डालकर हल्का ब्राउन होने दें। ब्राउन हो जाने पर हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर डाल लें।
इसके बाद इसमें पीसा हुआ टमाटर का मसाला डालें और मसाले के ऊपर तेल तैरने तक भूनते रहें। इस भुने हुए मसाले में दही, मलाई और लाल मिर्च डालकर तब तक भूनें, जब तक वह दानेदार न दिखाई देने लगे, या मसाले से तेल अलग न होने लगे।
अब इस मसाले में बेसन के गट्टे उबालने के बाद बचा हुआ पानी डाल दें और पकायें। तरी गाढ़ी होने लगे तो आवश्यकतानुसार पानी डाल लें। जब तरी में उबाल आने लगे तो गट्टे और स्वादानुसार नमक डाल दें। अब सब्जी को 2-3 मिनट तक पकने दें। बेसन के गट्टे की सब्जी तैयार है। गरमा गरम सब्जी को परांठे, नान, चपाती या चावल किसी के साथ भी परोसिये और खाइये।