अगर आप खाने के शौकीन हैं तो परिवार संग एग्जीबिशन ग्राउंड में चल रहा फेयर देखने आएं। तरह-तरह के व्यंजन मिलेंगे। फेयर में इस बार महाराष्ट्रियन और राजस्थानी फूड विशेष आकर्षण हैं।
महाराष्ट्र का झुनका भाकर, भरित ठेचा, साबुदाना बड़ा और राजस्थानी दाल बट्टी चूरमा का स्वाद यहां आपको चखने को मिलेगा। फूड कोर्ट के बीचो-बीच नागपुर के पुष्पा बोटले और पंकज बोटले का महाराष्ट्रीयन व्यंजन और राजस्थान स्थित नागौर के निवासी रामपाल का राजस्थानी व्यंजन नाम से स्टॉल लगे हैं।
पंकज बोटले ने बताया कि नागपुर में नौ वर्षों से उनका यह कारोबार चल रहा है और वह पांच वर्षों से यहां आ रहे हैं। वहीं राजस्थानी व्यंजन स्टॉल के मालिक रामपाल ने बताया कि वह पांच साल से इस कारोबार से जुड़े हैं और 2013 से इस प्रदर्शनी में आ रहे हैं।
महाराष्ट्रीयन थाली
200 रुपये में मिलने वाली महाराष्ट्रीयन थाली को बैंगन बड़ा, झुनका, ठेचा, भाकर रोटी और थाली पीट से सजाया गया है। इसके अलावा महाराष्ट्र का बड़ा पाव, साबुदाना बड़ा, कढ़ी पकौड़ा 60 रुपये में मिल रहे हैं।
राजस्थानी थाली
200 रुपये में मिलने वाली राजस्थानी थाली में बेसन गट्टे की सब्जी, केरसांग्री और बाजरे की रोटी, जोधपुरी कचौरी, मूंग दाल हलवा और चूरमा लड्डु, बिकानेरी केसरिया जलेबी मिल रही है। जोधपुरी बड़ा, जोधपुरी मावा कचौरी और मिर्ची बड़ा 40 रुपये में मिल रही है।