चंडीगढ़ में पिछले 24 घंटे से रुक-रुक कर हो रही बारिश की वजह से ठंड एक बार फिर लौट आई है। शहर का तापमान 20 डिग्री से भी नीचे आ गया है। बारिश से पारा एक दिन में 13 डिग्री सेल्सियस गिरा है। इससे जनजीवन भी प्रभावित हुआ और काम पर आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी है।
मौसम विभाग के अनुसार इस बार मार्च के महीने में सामान्य से ढाई गुना ज्यादा बारिश हुई है। औसतन मार्च के महीने में 18.6 एमएम पारी गिरता है लेकिन इस मार्च 2023 में 65.7 एमएम से भी ज्यादा पानी बरसा है। विभाग के अनुसार इससे पहले वर्ष 2020 में 72.5 एमएम पानी बरसा था। इस अनुसार मार्च की बारिश ने पिछले दो साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
बारिश के साथ शहर में ठंड ने भी दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 13 डिग्री कम रहा जबकि एक दिन पहले गुरुवार को दिन में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस रहा। बारिश की वजह से तापमान में भारी गिरावट हुई है। वहीं, शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से एक डिग्री ज्यादा रहा। बता दें कि शहर में गुरुवार रात करीब साढ़े 8 बजे बारिश शुरु हुई थी, जो शुक्रवार देर रात तक जारी रही। सुबह के समय लोग भीगते अपने-अपने काम पर पहुंचे।
मार्च महीने में अब तक शहर में हुई बारिश
- वर्ष बारिश
- 2023 65.7
- 2022 00
- 2021 6.2
- 2020 72.5
- 2019 24.4
- 2018 4.2
- 2017 22
- 2016 57.9
- 2015 119.9
- 2014 71.7
- 2013 23.3