पंजाब में गुरुवार से शुरू बारिश शुक्रवार दोपहर बाद तक जारी रही। इससे गेहूं की फसल को भारी नुकसान हुआ है। एक अप्रैल से शुरू हो रहे गेहूं खरीद के सीजन पर भी बारिश का असर पड़ा है। विशेषज्ञों का कहना है कि खेत सूखने और फसल कटने में अब 10 दिन तक की देरी हो जाएगी। खरीद पर भी इसका असर होगा। राज्य में सैकड़ों एकड़ गेहूं की फसल खेतों में बिछ गई है।
पटियाला जिले में ही बेमौसमी बारिश व ओलावृष्टि से 72 हजार हेक्टेयर रकबे पर गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा है। कृषि विभाग ने कहीं 20 फीसदी तो कहीं 30 से 35 फीसदी तक कम पैदावार की आशंका जताई है। पटियाला के मुख्य खेतीबाड़ी अधिकारी हरिंदर सिंह ने कहा कि आने वाले दिनों में फसलों को और नुकसान होने का खतरा है। उन्होंने किसानों को यही सलाह दी है कि वह खेतों में पानी जमा न होने दें। बारिश व ओलावृष्टि से गेहूं की फसलों को हुए नुकसान का पता लगाने के लिए कृषि विभाग की टीमों ने अलग-अलग जिलों का दौरा किया। सभी राजस्व अधिकारियों को गिरदावरी का आदेश जारी किया गया है।
गुरदासपुर में डीसी ने आढ़तियों को गेहूं की खरीद का सीजन शुरू होने से पहले मंडियों के प्रबंध पूरे करने की हिदायत दी है। अमृतसर के कस्बा मजीठा ब्लाक के गांव हमजा में अगेती टमाटर की फसल को लगे पछेता झुलस रोग की जांच करने कृषि विभाग की टीम पहुंची। विभाग के उप निदेशक तजिंदर सिंह ने बताया कि फसल को काफी नुकसान हुआ है। वहीं बरनाला में पटवारियों के 66 फीसदी पद खाली होने के कारण गिरदावरी करने में परेशानी आ रही है।
फिरोजपुर में सबसे अधिक बारिश, चार दिन यलो अलर्ट
पंजाब में बारिश से शुक्रवार को अधिकतम तापमान में गुरुवार के मुकाबले 8.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 31 मार्च, एक, तीन और चार अप्रैल को यलो अलर्ट जारी किया है।
तीन अप्रैल को पंजाब के ज्यादातर हिस्सों में तेज हवा चलने, बारिश व ओलावृष्टि की संभावना है। एक और चार अप्रैल को 30.40 किमी की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इस दिन भी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह के मुताबिक पांच अप्रैल से पंजाब में मौसम साफ हो जाएगा।
पंजाब में शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पटियाला में 22.3 एमएम बारिश हुई। वहीं शाम साढ़े पांच बजे तक फिरोजपुर में सबसे ज्यादा 24.5 एमएम, होशियारपुर में 20.5 एमएम और जालंधर में 13 एमएम बरसात दर्ज की गई।
फिरोजपुर में गिरी आकाशीय बिजली, बिजली के यंत्र फूंके
फिरोजपुर में शुक्रवार की शाम आकाशीय बिजली गिरने से यहां के सूरज नगरी के 10 घरों में बिजली के सामान जल गए। लोगों के घरों की वायरिंग फूंक गई। एलसीडी, टेलीविजन, इन्वर्टर, मोबाइल के अलावा अन्य यंत्र फूंक गए। शिव नारायण ने बताया कि आकाशीय बिजली उनके घर पर गिरी। एलसीडी टीवी, इन्वर्टर और वायरिंग पूरी तरह जल गई है। इसी तरह उनकी कालोनी में 10 घरों के सामान को नुकसान पहुंचा है।