शहर में शुक्रवार शाम आई आंधी की वजह से शहर के कई हिस्सों में बिजली गुल होने से लोगों को दिक्कतें हुईं। देर रात तक शहर के एक दर्जन से ज्यादा सेक्टरों में बिजली न होने से सड़क पर अंधेरा छाया रहा।
यह सेक्टर पूरी तरह अंधेरे में डूबे रहे। बिजली न होने से ट्रैफिक लाइट्स भी बंद हो गईं, जिससे यातायात संचालित करने में पुलिस को दिक्कत आई।
आंधी के कारण कई जगह बिजली के तारों पर पेड़ गिरने से सप्लाई बंद हो गई। बिजली विभाग के कर्मचारी देर रात तक तारों की मरम्मत में जुटे रहे।
शहर के कुछ सेक्टरों में तो एक से डेढ़ घंटे में बिजली की सप्लाई बहाल हो गई, लेकिन एक दर्जन से ज्यादा सेक्टरों में देर रात तक बिजली आपूर्ति नहीं हो सकी।
आंधी के बाद शुक्रवार रात तक बिजली विभाग के पास लोगों की शिकायतें आती रहीं। बिजली के तार टूट जाने के कारण सेक्टर-7, 8, 9, 15, 18, 21, 22, 26, 27, 28, 30, 31, 32, 33, 40, 48, 51, 52 के कई हिस्सों में पांच से छह घंटे तक बिजली गुल रही।
बिजली विभाग के एसई एमपी सिंह ने बताया कि आंधी के कारण शहर के कई हिस्सों में बिजली गुल हुई। विभाग के कर्मचारी मरम्मत में लगाए गए हैं और देर शाम तक कई सेक्टरों में बिजली की सप्लाई को बहाल कर दिया गया।