मोहाली और चंडीगढ़ के साथ-साथ जीरकपुर के लोगों को पंचकूला जाना अगले माह से आसान हो जाएगा। मौलीजागरां (विकासनगर) में बन रहा रेलवे अंडर ब्रिज (आरयूबी) अगले माह से आवाजाही के लिए शुरू हो जाएगा। हालांकि इस आरयूबी के साथ का कुछ हिस्सा आवाजाही के लिए खोल दिया गया है और यहां से वाहन चालकों ने गुजरना भी शुरू कर दिया है, लेकिन इसका निर्माण कार्य पूरा होने में अभी एक माह का समय और लगेगा और उम्मीद है कि 15 अगस्त से पहले इसका उद्घाटन करा दिया जाएगा।
इस आरयूबी के पूरी तरह से शुरू होने के बाद जीरकपुर से पंचकूला जाने वाले लोगों को ट्रिब्यून चौक तक नहीं आना पड़ेगा और वे हल्लोमाजरा लाइट प्वाइंट से इस आरयूबी की तरफ चले जाएंगे। साथ ही मोहाली या चंडीगढ़ के दक्षिणी सेक्टरों से पंचकूला जाने के लिए लोगों को हाउसिंग बोर्ड चौक की तरफ से नहीं जाना पड़ेगा।
हालांकि प्रशासन के इंजीनियरिंग विभाग ने इस आरयूबी को मई तक तैयार करने का लक्ष्य रखा था, लेकिन इस डेडलाइन तक काम पूरा न हो सका। इस प्रोजेक्ट पर 40 करोड़ रुपये खर्च होंगे। विकासनगर पर रेल फाटक अकसर ट्रेनों के गुजरने से बंद रहता था, जिससे लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ता था।
इस वजह से बहुत से लोग इस सड़क का उपयोग नहीं करते थे। इस आरयूबी में चार बाक्स बनाए गए हैं। दो बड़े वाहनों के आने जाने के लिए और दो साइकिल चालकों और पैदल चलने वाले लोगों के लिए। इसमें साइकिल, रिक्शा व रेहड़ी चालक आसानी से आ-जा सकेंगे। यहां जो अलग साइकिल ट्रैक बनाया गया है उसकी ज्यादा गहराई नहीं है।
यूटी के चीफ इंजीनियर एसके चड्ढा ने कहा कि आरयूबी और एप्रोच रोड्स को तैयार करने में अभी एक माह का समय और लगेगा। अगले माह इसे लोगों के लिए आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बुधवार को ही उन्होंने साइट का निरीक्षण किया था।