उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) वीके गुप्ता ने शनिवार को अपने चंडीगढ़ दौरे के दौरान मंडल के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर चल रहे रेनोवेशन के कामकाज की समीक्षा की और अधिकारियों से काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
पिछले साल भी गुप्ता ने दिवाली के एक दिन पहले 12 नवंबर को चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन का दौरा किया था। बैठक में उन्होंने अंबाला मंडल द्वारा किये गए कार्यों की लक्ष्य के साथ तुलना की।
जीएम ने फेस्टिवल सीजन में यात्रियों की भीड़ और सर्दियों में कोहरे को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के उपायों को पूर्ण रूप से लागू करने पर जोर दिया।
मानवरहित समपारों पर दुर्घटनाओं को कम करने हेतु प्रयासरत रहने के लिए महाप्रबंधक ने विशेष तौर पर मंडल अधिकारियों को हिदायतें दी।
जीएम ने मंडल में कर्मचारियों के सेहत के आधार पर पद बदलने हेतु, सेवानिवृत्ति के निपटान मामलों और अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति के मामलों को शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए। मंडल रेल प्रबंधक एके कठपाल ने महाप्रबंधक के समक्ष प्रधान कार्यालय से संबंधित मुद्दों को रखा।
जीएम वीके गुप्ता ने अंबाला मंडल द्वारा जारी अंबाला दर्पण नामक एक त्रैमासिक पत्रिका के प्रथम संस्करण का विमोचन भी किया।