जगाधरी रेलवे स्टेशन पर रेल लाइन क्रॉस करते समय रेलवे कर्मी की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। मृतक का शव करीब पौन घंटे तक डाउन ट्रैक पर पड़ा रहा, जिससे प्लेटफॉर्म पर बच्चों, बुजुर्गों व महिलाओं में दहशत का माहौल रहा।
मृतक पंजाब के कपूरथला में रेलवे टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत था, जो सप्ताहभर पहले छुट्टियों पर विश्वकर्मा मोहल्ला स्थित अपने पैतृक घर आया था। रविवार सुबह वह जगाधरी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से बीवी व दो बच्चों के साथ घर लौट रहा था। रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार विश्वकर्मा मोहल्ला निवासी कुलवंत राय (51) पंजाब के कपूरथला में रेलवे विभाग के अंतर्गत टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत था। बीते रविवार को छुट्टियों पर कुलवंत बीबी शोभा व बेटी नेहा और बेटा राहुल के साथ विश्वकर्मा मोहल्ला स्थित अपने पैतृक घर आए था।
रविवार सुबह कुलवंत राय जब परिवार के सदस्यों के साथ वापस कपूरथला ड्यूटी पर जाने लगा, तो जगाधरी स्टेशन के गेट पर पत्नी व बच्चों को छोड़ किसी काम से आरक्षण केंद्र की ओर चला गया।
उनकी पत्नी और बच्चे रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर जाकर खड़े हो गए। रेलवे पुलिस के अनुसार जब कुलवंत आरक्षण केंद्र से प्लेटफार्म पर जाने के लिए रेलवे लाइन क्रॉस करने लगा, तो अंबाला की ओर से आती एक ट्रेन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इसमें उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।
पौने घंटे तक ट्रैक पर पड़ा रहा शव
प्रत्यक्षदर्शी दैनिक रेल यात्री संघ के संरक्षक नरेश कुमार, सुभाष अग्रवाल, सुरेंद्र छाबड़ा, सचिन, विकास त्यागी ने बताया कि रविवार सुबह करीब 8.15 बजे एक व्यक्ति का शव माल गोदाम के सामने डाउन ट्रैक पर पड़ा देखा। इसकी सूचना उन्होंने स्टेशन मास्टर को दी, लेकिन करीब नौ बजे रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। करीब पौने घंटे तक ट्रैक पर शव पड़ा होने से प्लेटफॉर्म पर खड़े बच्चों, महिला व बुजुर्गों में दहशत का माहौल रहा।
एसआई सोमनाथ, जांच अधिकारी, जीआरपी थाना ने बताया कि सुबह करीब 8.50 बजे पर मेमो से शव मिलने की सूचना मिली। प्राथमिक जांच में पता चला कि व्यक्ति की मौत रेलवे लाइन क्रास करते हुए हुई। जो आरक्षण केंद्र से प्लेटफार्म पर जा रहा था। शव का पोस्टमार्टम करवाकर धारा 174 के तहत कार्रवाई कर परिजनों को सौंप दिया गया है।