लोक सभा में आज पेश हुए अंतरिम रेल बजट में चंडीगढ़ की झोली में भी दो ट्रेनें आ ही गईं। इनमें एक है चंडीगढ़-जयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस, जोकि वाया झज्जर होते हुए जाएगी। ये ट्रेन रोजाना चलेगी।
दूसरी ट्रेन है चंडीगढ़ से रामनगर, जोकि वाया सहारनपुर और मुरादाबाद होते हुए जाएगी। ये ट्रेन साप्ताहिक है।
जयपुर के लिए अब रोजाना चलेगी ट्रेन
गौरतलब है कि अभी तक चंडीगढ़ से जयपुर गरीब रथ चलती है, जोकि सप्ताह में तीन दिन चलती है। नई ट्रेन जयपुर-चंडीगढ़ इंटरसिटी ट्रेन रोजाना चलेगी। ये ट्रेन झज्जर होते हुए जयपुर की ओर जाएगी। यानि ट्रेन के चलने से जयपुर की ओर जाने वाले यात्रियों को सुविधा होगी।
कुमाउं और गढ़वाल जाने वालों को होगा फायदा
दूसरी ट्रेन चंडीगढ़-रामपुर एक्सप्रेस है। ये साप्ताहिक ट्रेन चंडीगढ़ से सहारनपुर और मुरादाबाद होते हुए रामनगर जाएगी। अभी इस रूट पर कोई ट्रेन नहीं थी। इस ट्रेन के चलते से कुमाउं और गढ़वाल जाने वालों को काफी फायदा होगा।
गौर हो कि इस रूट पर ट्रेन चलाने की मांग काफी समय से हो रही थी। रेलवे ने यात्रियों की मांग को मानते हुए करीब छह महीने पहले इस रूट पर एक महीने के लिए स्पेशल ट्रेन चलाई थी। इस ट्रेन के चलते से रेलवे को काफी अच्छा रिस्पांस मिला था।
पिछले साल की सिर्फ कालका-कटरा एक्सप्रेस पेंडिंग
वर्ष 2009 में भी लोक सभा चुनाव से पहले जब तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव ने अंतरिम रेल बजट पेश किया था तब चंडीगढ़ को कुछ नहीं मिला था। इसमें सिर्फ चंडीगढ़ से डिब्रूगढ़ के बीच चलने वाली विशेष ट्रेन को ही सप्ताह में एक दिन नियमित तौर पर चलाने की घोषणा हुई थी।
पिछले साल चंडीगढ़ के सांसद पवन कुमार बंसल केंद्रीय रेल मंत्री थे। ऐसे में उन्होंने चंडीगढ़ से चलने वाली या यहां से गुजरने वाली कई नई ट्रेनों की घोषणा की थी। इसके बाद चंडीगढ़ रेल से कई नए शहरों से जुड़ गया था।
रेल बजट में घोषित हुई लगभग सभी ट्रेनें चल चुकी हैं। सिर्फ कालका-कटरा एक्सप्रेस शुरू नहीं हो पाई, क्योंकि कटरा स्टेशन चालू नहीं हुआ है।