कालका-अमृतसर के बीच लोगों ने ट्रेन संचालन की मांग की है। लोगों ने रेलमंत्री सुरेश प्रभु से रेल बजट में घोषणा करने की गुहार लगाई है।
लोगों ने बताया कि कुछ साल पहले रेलवे ने कालका अमृतसर के बीच ट्रेन का संचालन किया था। रेलवे ने अच्छा रिस्पांस मिलने के बाद भी ट्रेन संचालन बंद कर दिया था। ट्रेन संचालन बंद होते ही लोगों ने दोबारा संचालन की मांग की थी। इस संबंध में मंत्री और अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा था।
ट्रेन के चलने से कालका के लोगों को ही नहीं, बल्कि साथ लगते हिमाचल के परवाणू, बददी सहित अन्य क्षेत्र के लोगों को भी लाभ होता था। क्योंकि इस क्षेत्र से अमृतसर सहित इस रूट पर आने जाने वाले लोगों सहित व्यापारियों की भी एक बड़ी संख्या है।
इस ट्रेन के साथ माता वैष्णो देवी जाने के लिए भी लोग कटरा के लिए ट्रेन चलाने की मांग कर रहे थे। इस मांग को सरकार ने पिछले साल पूरी कर दी थी। कुछ महीने पहले अमृतसर ट्रेन को कालका से चलाने के लिए विधायक लतिका शर्मा ने रेलमंत्री सुरेश प्रभु से मुलाकात की थी।
रेलमंत्री ने कटरा व अमृतसर ट्रेन कालका से जल्द शुरू करने का आश्वासन दिया था। इसके बाद कटरा ट्रेन तो शुरू कर दी गई, लेकिन अमृतसर ट्रेन अभी तक शुरू नहीं हुई है। लोगों ने इस बजट में अमृतसर ट्रेन सहित चंडीगढ़ से चलने वाली ट्रेनों को कालका से चलाने की मांग भी की है।