पंजाब में नशे के विरोध में राहुल गांधी का विरोध प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को शिरोमणि अकाली दल पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री बादल बिजनेस को आसान करने की बात करते हैं, लेकिन पंजाब में एक ही आसान बिजनेस है, वह चिट्टे है का।
राहुल गांधी सोमवार को जालंधर के डीसी कांप्लेक्स के सामने सूबे की कानून व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस की ओर से लगाए गए धरने को संबोधित करने पहुंचे थे। राहुल ने 10 मिनट के भाषण में कहा कि सूबे में सत्ताधारी पार्टी चिट्टे का कारोबार कर रही है। इस दलदल में युवा फंस चुका है।
राहुल गांधी ने कहा कि चार साल पहले वह पंजाब यूनिवर्सिटी आए थे, जहां उन्होंने पंजाब के युवाओं में नशा होने की बात कही थी। सरकार से आग्रह किया था कि चिट्टे को खत्म किया जाए। उन्होंने कहा कि सूबे से चिट्टा क्या खत्म करना था, उल्टा मुझसे दुर्व्यवहार कर मेरा मजाक उड़ाया गया।
राहुल गांधी बोले वर्तमान में ड्रग, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था सबसे बड़ी समस्या है। दुनिया की कोई ऐसी जगह नहीं है, जहां से आतंकवाद का पूरी तरह से खात्मा हुआ हो। उन्होंने कहा कि पंजाब एक ऐसा सूबा है, जहां की पुलिस ने आतंकवाद को हरा दिया। कसूर पंजाब पुलिस का नहीं सत्ता चलाने वालों का है, जिन्होंने काबिल पुलिस अधिकारियों की जगह काम न करने वाले अधिकारियों को तैनात कर दिया। राहुल ने कहा कि कांग्रेस सरकार सत्ता में आई तो एक माह में पूरा प्लान तैयार है।
‘भट्ठा परसौल में किए संघर्ष के तर्ज पर लड़ेंगे नशे के खिलाफ जंग’
पंजाब में नशे के विरोध में राहुल गांधी का विरोध प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
राहुल ने कहा कि सुखबीर बादल ने मेरा मजाक उड़ाया था, वह तो अब भी मानने को तैयार नहीं हैं कि सूबे में नशा फैला है। क्योंकि इस धंधे में शिअद को मुनाफा हो रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब का भविष्य इन लोगों ने खराब कर दिया, जिसको अब बदलना होगा।
राहुल ने कहा कि जब मैं भट्ठा परसौल में किसानों के लिए संघर्ष के लिए गया तो भी मीडिया ने मेरा मजाक उड़ाया था। हमारे कई सालों के संघर्ष की बदौलत ही जमीन अधिग्रहण बिल लाया गया। ठीक उसी तर्ज पर अब पंजाब में नशे के खिलाफ जंग लड़ी जाएगी।
राहुल ने कहा कि पंजाब में कांग्रेस के सत्ता में आते ही लोगों से लूटा हुआ पैसा उनको वापस दिलाया जाएगा। साथ ही पंजाब से निकल चुकी इंडस्ट्री को वापस लाया जाएगा। इस दौरान कैप्टन अमरिंदर सिंह, मुख्य प्रवक्ता सुनील जाखड़, कैंपेन कमेटी की अंबिका सोनी, सांसद शमशेर सिंह दूलो, नेशनल एससीएसटी आयोग के वाइस चेयरमैन डॉ. राजकुमार वेरका, हंसराज हंस समेत पंजाब के कई विधायक मौजूद थे।