पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की गैंगवार में हुई हत्या मामले में गायिका सोनिया मान ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट की। वीडियो में सोनिया मान बोल रही हैं कि यह समय अब ‘रेस्ट इन पीस’ लिखने का नहीं और न ही कैंडल मार्च निकालने का। यह समय पंजाब में बिगड़ चुकी कानून-व्यवस्था सुधारने का।
13 मिनट से ज्यादा की इस सोशल मीडिया पोस्ट में सोनिया मान पंजाब के लोगों से यही अपील कर रही है कि गैंगवार को अब खत्म करना पड़ेगा। सोशल मीडिया पर डाली पोस्ट में अपील करते हुए सोनिया ने बोला कि आज उस पल को देखकर आंख से आंसू निकल आए। एक पिता जीते जी अपने जवान बेटे की अर्थी को कंधा दे रहा है और उसकी मां सबसे यही अपील कर रही है कि ऐसी शोहरत भगवान किसी को न दे जो उसके बेटे की जान ही ले ले।
सोनिया ने यह भी कहा कि अब मनकीरत सिंह औलख को धमकियां मिल रही हैं। आज एक, कल दूसरा और परसों तीसरा गैंगस्टरों की गोलियों का निशाना बनेगा। अब समय सरकार से सिद्धू मूसेवाला की मौत के लिए न्याय मांगने का आ गया है। आज अगर हमारी इंडस्ट्री ने न्याय के लिए आवाज नहीं उठाई तो कल इसके गंभीर अंजाम भुगतने पड़ सकते हैं।