मुंडिया तो बचके रही फिल्म की शूटिंग के दौरान इतना गजब का तालमेल बैठा कि फिल्म की शूटिंग 35 दिनों में पूरी हो गई। यह कहना है पंजाबी सिंगर और एक्टर जस्सी गिल का। मंगलवार को इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक मॉल में जस्सी अपनी आने वाली फिल्म मुंडिया तो बचके रही के ट्रेलर, म्यूजिक और पॉस्टर लांच पर पहुंचे।
इस मौके पर फिल्म में उनके साथ को-एक्टर रोशन प्रिंस, सिमरण कौर मुंडी, निर्माता पवन गिल और निर्देशक नविंदर किरपाल सिंह भी पहुंचे। रोशन ने अपने किरदार के बारे में बताया कि फिल्म में वह और जस्सी लड़कियों के साथ अक्सर फ्लर्ट करने वाले दो दोस्तों के रूप में नजर आएंगे।
जिनकी जिंदगी में एक लड़की आती है और वह उनकी जिंदगी में ऐसा बदलाव लाती है, जो उन्हें जिंदगी जीने की एक नई सीख देती है। 2008 की मिस इंडिया रह चुकीं सिमरण कौर मुंडी ने कहा कि पंजाबी फिल्मों में काम करने का मजा ही कुछ और है। लांचिंग के दौरान फिल्म को दो पोस्टर, दो गाने (दिल दा प्लॉट , सूरज नू चन ने छू लिया) और ट्रेलर लांच किया गया।
निर्देशक नविंदर किरपाल सिंह ने कहा कि फिल्म कई ऐसे सीन है कि जिसमें बहुत ज्यादा हसीं आएगी। फिल्म का स्क्रीन प्ले मनोज सभरवाल (कॉमेडियन कपिल के लिए लिखने वाले) ने लिखा है। इसलिए इसकी क्वालिटी भी बहुत अच्छी है। उन्होंने कहा कि फिल्म 30 मई को रिलीज होगी।