अनिवासी भारतीयों (एनआरआई) युवाओं को अब विदेशी सरजमीं पर शहनाई की गूंज ज्यादा भाने लगी है। नतीजतन पंजाब आकर शादी समारोह करने वाले एनआरआई की संख्या में लगातार कमी देखी जा रही है।
मैरिज पैलेस वालों का तर्क है कि तीन-चार साल पहले तक साल में होने वाले शादी समारोह में तीस फीसदी तक हिस्सेदारी एनआरआई की रहती थी। अब वह सिमट कर दस फीसदी रह गई है।
इस संख्या में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। इसका प्रमुख कारण विदेशों में पंजाबी परिवारों की संख्या में वृद्धि, विदेश में भी योग्य वर वधू का आसानी से मिलना, वहां पर रोजगार के अवसरों में कमी आना इत्यादि माने जा रहे हैं।
अच्छी खासी है विदेशों में पंजाबी एनआरआई की संख्या
पुरानी पीढ़ी के एनआरआई अक्तूबर से अप्रैल के बीच पंजाब में ही आकर पंजाबी विरसे और सभ्यचार के बीच विवाह को प्राथमिकता देते रहे हैं। पहले एनआरआई के अधिकतर शुभ कार्य यहीं पर आयोजित किए जाते थे, लेकिन आधुनिक दौर में विदेशों में पंजाबी एनआरआई की संख्या अच्छी खासी हो गई है।
अमेरिका, इंग्लैंड और कनाडा में ही बीस लाख से अधिक पंजाबी एनआरआई रह रहे हैं। वहां पर उनके विशेष एरिया भी डेवलप हो गए हैं। विदेशों में पंजाबी जनसंख्या बढ़ने से योग्य मैच भी वहीं पर मिल रहे हैं। माहिर कहते हैं कि एनआरआई की युवा पीढ़ी अधिकतर नौकरियां कर रही है।
अब विदेश में खास कर विकसित देशों में रोजगार के अवसर कम हो रहे हैं। शादी के लिए उनको लंबी छुट्टी नहीं मिलती या नौकरी छोड़कर आना पड़ता है। फिर यह पक्का नहीं रहता कि वापस जाते ही नई नौकरी मिल जाएगी। ऐसे में युवा पीढ़ी विदेशों में ही विवाह कराने को तवज्जो दे रही है।
पंजाबियों ने विदेशों में बनाए बैंक्वेट हॉल
लुधियाना मैरिज पैलेस एसोसिएशन के प्रधान अमरजीत सिंह संत का कहना है कि पंजाबियों ने अमेरिका, कनाडा और इंग्लैंड में अपने बैंक्वेटहॉल बना दिए हैं।
वहां पर पंजाबियों की जरूरत का खाना, कपड़े और हर तरह का सामान उपलब्ध है। दूसरे भाईचारा बढ़ने से वहीं पर शादी विवाह करने को तवज्जो दे रहे हैं। पंजाब में आकर शादी करने का ट्रेंड कम हो रहा है।
जेके रिजोर्ट के संचालक साहिल सूद का भी मानना है कि पंजाब में विवाह समारोह कराने में एनआरआई परिवारों का रुझान कम हो रहा है।
मैरिज पैलेस में दस फीसदी समारोह की एनआरआई परिवारों के हो रहे हैं। अब एनआरआई पंजाब आकर शादी के तामझाम के झंझटों में नहीं फंसना चाहते।
पंजाब से नजदीकी रिश्तेदारों को बुलाएंगे
कनाडा के टोरंटो में रहने वाले एनआरआई जोगिंदर सिंह की बेटी की शादी टोरंटो शहर में ही 25 अक्तूबर की तय है और बरात अमेरिका से आनी है।
जोगिंदर का तर्क है कि अब कनाडा में ही सभी तरह की सुविधाएं मिल रही हैं, दूसरे बच्चों को नौकरी से ज्यादा छुट्टी नहीं मिल रही है। पंजाब से नजदीकी रिश्तेदारों को बुलाया जाएगा। विदेशों में भी पूरे पारंपरिक ढंग से विवाह समारोह करने की सुविधाएं मौजूद हैं।