पंजाब विश्वविद्यालय अगले वर्ष तक इटली के पेगासो विश्वविद्यालय में एमबीए एंटरप्रेन्योर का कोर्स शुरू कर देगा। इसके लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। यूबीएस विभाग अंतरराष्ट्रीय स्तर का पाठ्यक्रम तैयार करने में जुटा है। पीयू ने विदेशी मुद्रा लाने के उद्देश्य से यूबीएस का एक सेंटर विदेश में स्थापित करने के लिए योजना बनाई थी।
उसके लिए कुछ माह पूर्व वीसी प्रो. राजकुमार ने इटली व स्विट्जरलैंड के कई विश्वविद्यालयों का दौरा किया और एक सप्ताह तक वहां सेंटर स्थापना की संभावनाएं तलाशीं। आखिर में पेगासो विश्वविद्यालय इटली में भ्रमण किया गया। पता लगाया गया कि वहां का युवा क्या चाहता है, बात सामने आई कि वहां के युवाओं के पास समय का अभाव है।
ऐसे में वह रेगुलर कक्षा नहीं ले सकते, उनके लिए ऐसे विकल्प तैयार किए जाएं कि वह अपनी जॉब के साथ भी कोर्स कर सकें। उसी को ध्यान में रखते हुए पीयू ने ऑनलाइन कोर्स संचालन का प्लान बनाया। बताया जाता है कि पेगासो विश्वविद्यालय का प्रबंधन अपने यहां यूबीएस सेंटर स्थापना के लिए राजी हो गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए पिछले दिनों पेगासो विश्वविद्यालय की एक टीम ने भी पीयू का दौरा किया था।