पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ में रोज फेस्टिवल
पंजाब यूनिवर्सिटी के 8वें रोज फेस्टिवल में पहली बार बहुत कुछ नया देखने को मिलेगा। शेड्यूल जारी हो गया है और तैयारियां पूरे जोरों पर हैं। करीब पांच एकड़ में हजारों गुलाब खिले हुए हैं। 10 से 12 फरवरी तक चलने वाले तीन दिन के फेस्टिवल में बच्चे, युवा और बड़ों के मनोरंजन और टैलेंट दिखाने के लिए पूरा इंतजाम किया गया है। अमर उजाला के सहयोग से आयोजित पीयू रोज फेस्टिवल में कई प्रतियोगिताएं पहली बार देखने को मिलेंगी।
11 फरवरी को जादूगर अशोक सम्राट करतब दिखाएंगे। फेस्टिवल में 16 से अधिक एज ग्रुप में विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी। इसमें स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स हिस्सा ले सकेंगे। रोज फेस्टिवल के लिए पंजाब, हरियाणा और हिमाचल स्थित कॉलेज और यूनिवर्सिटी से भी भारी संख्या में आवेदन फार्म जमा हुए हैं। रोज फेस्टिवल में पहली बार आर्ट वर्कशॉप आयोजित की जाएगी, जिसमें नार्थ रीजन के जाने माने आर्टिस्ट लाइव पेटिंग बनाएंगे।
साइकिल प्रमोशन के लिए बनाए मॉडल
पीयू के हार्टिकल्चर विभाग ने पीयू कैंपस में साइकिल प्रमोट करने के लिए लोहे से बनाया खास दो साइकिल के मॉडल तैयार किए हैं। रोज फेस्ट में पहली बार टैटू मैकिंग प्रतियोगिता भी होगी। बच्चों के लिए कई तरह के झूले और खाने पीने के 15 से अधिक स्टॉल होंगे। पहली बार रोज फेस्टिवल में गोहाना का मशहूर जलेब भी ट्राइसिटी के लोगों को मिल सकेगा।
रोज फेस्टिवल के लिए 200 से अधिक पीयू एनएसएस वालंटियर्स की ड्यूटी लगाई गई है। लोगों को रक्तदान के प्रति जागरुक करने के लिए स्पेशल स्टॉल लगाए जाएंगे। पीयू रोज गार्डन में स्पेशल सेल्फी जोन भी बनाया जाएगा। प्रतिदिन रोज फेस्टिवल की सबसे बेहतर फोटो खींचने वालों को पुरस्कार भी दिए जाएंगे। बच्चों के लिए ऊंट की सवारी का भी इंतजाम होगा।
विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए 700 से अधिक पहुंचीं एंट्री
पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ में रोज फेस्टिवल
रोज फेस्टिवल कोआर्डिनेटर और डिविजनल इंजीनियर हार्टिकल्चर पंजाब यूनिवर्सिटी अनिल ठाकुर ने बताया कि रोज फेस्टिवल में होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए सोमवार तक 700 से अधिक एंट्री आ चुकी हैं। अनिल ठाकुर के अनुसार रोज फेस्टिवल हेल्पलाइन पर प्रतिदिन 100 से अधिक कॉल आ रहीं हैं। किसी तरह की जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 9914003004, 9814813401 और 9914527023 पर संपर्क कर सकते हैं। पहली बार रोज फेस्टिवल में ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं। पीयू के अरुणा रणजीत चंद्रा हॉल में सुबह 10 से शाम 5 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।
फेस्टिवल में तीनों शाम रंगारंग कार्यक्रम
रोज फेस्टिवल में दिनभर प्रतियोगिताओं का दौर जारी रहेगा। पीयू प्रशासन ने लोगों के मनोरंजन के लिए तीनों दिन शाम को भी कल्चरल इवेंट होंगे। 10 फरवरी को शाम फैशन कंपटीशन में मिस और मिस्टर रोज चुने जाएंगे। 11 फरवरी को जादूगर अशोक सम्राट का मैजिक शो देख सकेंगे। 12 फरवरी को अलीगर खान की स्टार नाइट होगी।
रोज फेस्टिवल का शेड्यूल इस प्रकार रहेगा
10 फरवरी को सुबह 9 बजे पीयू कुलपति प्रो. अरुण कुमार ग्रोवर रोज फेस्टिवल का उद्घाटन करेंगे। फ्लावर और फोटोग्राफी कंपटीशन आयोजित किए जाएंगे। शाम को फैशन कंपटीशन होगा।
11 फरवरी को सिंगिंग, रंगोली, रोज क्विज, कोलॉज मेकिंग, स्लोगन राइटिंग, फेस पेंटिंग और लॉफ्टर शो भी होगा।
12 फरवरी को डांस कंपटीशन, क्रिएटिव मेहंदी रोज प्रिंस और रोज प्रिंसेस, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता और शाम को स्टार नाइट आयोजित की जाएगी।