पंजाब यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार प्रो. करमजीत सिंह ने कहा कि पिछले शैक्षिक सत्र में लक्ष्य रखा था कि फाइल ट्रैकिंग सिस्टम शुरू करेंगे। उस पर सभी ने मेहनत की और उसके परिणाम आज सभी के सामने हैं। यह सिस्टम दौड़ रहा है। फाइलों का निपटारा समय पर हो रहा है। अब चालू शैक्षिक सत्र में ऑनलाइन सिस्टम पर फोकस होगा। कोशिश होगी कि कॉलेजों का हर सिस्टम जो पीयू से जुड़ा है उसे ऑनलाइन किया जाए। साथ ही मान्यता देने के तरीके, स्टूडेंट्स की सुविधाएं भी ऑनलाइन की जाएंगी। रजिस्ट्रार ने अमर उजाला से कई सवालों पर बातचीत की। पेश हैं उसके खास अंश-
सवाल : पिछले शैक्षिक सत्र की प्रमुख उपलब्धियां क्या रही?
जवाब : पंजाब के कॉलेजों में पढ़ रहे विद्यार्थियों की सुविधा के लिए डिग्री व अन्य प्रमाण पत्र जन सुविधा केंद्रों पर मुहैया कराए गए जो अपनेआप में बड़ा काम था। स्टूडेंट्स पीयू आने के बजाय किसी भी सेवा केंद्र से अपने डॉक्यूमेंट ले सकते हैं। इसके अलावा फाइल ट्रैकिंग सिस्टम शुरू किया। प्रमोशन जो ड्यू थे वह कर दिए गए। वर्षों से पीयू की मार्केट में जिन दुकानों पर कब्जे थे वह हटवाए जा रहे हैं। जल्द ही उनका ऑक्शन किया जाएगा। साथ ही दुकानदारों से बकाया रकम भी वसूली जा रही है।
सवाल : पंजाब के कॉलेजों में शिक्षा पा रहे एससी, एसटी और बीसी के छात्रों की छात्रवृत्ति अब तक नहीं मिली। पीयू इस दिशा में क्या पहल कर रहा है?
जवाब : पंजाब सरकार छात्रवृत्ति सीधे छात्रों के खातों में भेजेगी और छात्र कॉलेजों में शुल्क जमा करेंगे। पीयू की ओर से स्कॉलरशिप के लिए सरकार को चिट्ठी भेजी जा रही है।