परिवहन मंत्री लाल जीत सिंह भुल्लर ने की कार्रवाई।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पंजाब के परिवहन मंत्री लाल जीत सिंह भुल्लर ने शुक्रवार देर शाम राष्ट्रीय राजमार्ग एक पर रामामंडी पुल के पास कांग्रेस विधायक अवतार हेनरी की चार बसों समेत सात के चालान कर कब्जे में ले लिया है। कांग्रेस विधायक की बसों का टैक्स पूरा नहीं अदा किया गया था। इस कारण करतार बसों को जब्त किया गया है।
परिवहन मंत्री रामा मंडी क्षेत्र में बसों को रोककर उनके परमिट और टैक्स की जांच करने लगे। उनके साथ कांग्रेस विधायक से हारने वाले आप नेता दिनेश ढल्ल भी मौजूद रहे। उन्होंने अपने स्टाफ को लगातार आदेश देकर बसों को रुकवाया और कार्रवाई करने लगे। हालांकि मंत्री भुल्लर ने इसे राजनीतिक रंजिश की कार्रवाई से इनकार किया है।
वहीं कांग्रेस विधायक बावा हेनरी के पिता पूर्व मंत्री अवतार हेनरी का कहना है कि करतार बसों के परमिट पूरे हैं, कोई बस बिना परमिट नहीं थी। यह कार्रवाई राजनीतिक रंजिश के कारण हुई है। चुनावों में जीत हार चलती रहती है और मेरे बेटे बावा हेनरी से हारने वाले आप उम्मीदवार का मंत्री की गाड़ी में बैठना साफ जाहिर करता है कि यह बदलाखोरी की नीति है।
वहीं मंत्री भुल्लर ने जालंधर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह तूर को मौके पर बुलाया और बसों को थाने ले जाने का आदेश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि करतार बसें बिना आज्ञा शहर के भीतर आती हैं, उनके चालान करें।