क्रिकेटर अर्शदीप का स्वागत करते खेल मंत्री मीत हेयर।
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब के खेल मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने भारतीय क्रिकेट टीम में चुने गए पंजाब के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की हौसला अफजाई की और उनसे मुलाकात कर मुख्यमंत्री भगवंत मान की ओर से बधाई दी। इस दौरान शिक्षा मंत्री अर्शदीप के संघर्ष की कहानी सुनकर भावुक हो गए।
चंडीगढ़ में पंजाब भवन में अर्शदीप सिंह और उनके परिवार के लिए आयोजित रात्रि भोज के अवसर पर खेल मंत्री ने कहा कि अर्शदीप सिंह का भारतीय क्रिकेट टीम में चयन होने से राज्य के लाखों नौजवानों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार को ऐसे युवाओं पर गर्व है, जिन्होंने अपनी कड़ी मेहनत और कठोर साधना से अपने जीवन में ख्याति हासिल की है।
खेल मंत्री मीत हेयर अर्शदीप के बचपन से किक्रेट के साथ जुड़ने, परिवार के समर्थन और संघर्ष की कहानी सुनकर बहुत प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि अपने जीवन में की गई मेहनत कभी बेकार नहीं जाती। पंजाब सरकार खेल को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए प्रयास कर रही है ताकि पंजाब एक बार फिर खेल के क्षेत्र में देश का अगुआ राज्य बने। इस अवसर पर मीत हेयर ने अर्शदीप सिंह को शॉल भेंटकर सम्मानित भी किया। अर्शदीप सिंह के पारिवारिक सदस्य और प्रशिक्षक भी मौजूद रहे।
क्रिकेटर बनना चाहते थे मीत हेयर
मीत हेयर ने अर्शदीप सिंह को बताया कि जब वह छोटे थे तो वह खुद भी क्रिकेटर बनना चाहते थे और अब भी वह क्रिकेट खेल में बहुत रुचि रखते हैं जिसके लिए कभी-कभी मौका मिलने पर क्रिकेट भी खेल लेते हैं। खेल मंत्री ने कहा कि अब क्रिकेट खेल में बड़े स्तर पर पंजाब के नए खिलाड़ी आगे आ रहे हैं। उन्होंने आशा जताई कि रणजी ट्रॉफी में पंजाब और भी बेहतर प्रदर्शन करेगा।