28 फरवरी से होने वाली 12वीं की परीक्षाओं को लेकर पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने तैयारियां पूरी कर ली है। बुधवार को इस मामले को लेकर अधिकारियों की एक आपात मीटिंग हुई। मीटिंग में तय किया गया कि कोई विद्यार्थी किसी दूसरे के स्थान पर पेपर देते पकड़ा जाता है तो उस पर तुरंत पुलिस केस दर्ज करके जरूरी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, बोर्ड के चेयरमैन बलबीर सिंह ढोल ने साफ किया है कि संवेदनशील परीक्षा केंद्रों के बाहर विशेष चौकसी रखी जाएगी। इस संबंध में राज्य के सभी जिलों के एसएसपी को पत्र लिखा गया है।
जानकारी के मुताबिक, इस मौके बोर्ड में हुई अधिकारियों की मीटिंग में तय किया गया कि बोर्ड का उद्देश्य परीक्षा में केवल नकल रोकना ही नहीं है। बल्कि परीक्षा केंद्रों के अंदर विद्यार्थियों को बढ़िया माहौल भी मुहैया करवाना भी है। इस दौरान तय किया किया परीक्षा हाल के अंदर विद्यार्थी किसी भी कारण परेशान नहीं होने चाहिए। वहीं, मीटिंग में तय किया गया कि परीक्षा हाल के अंदर तैनात मुलाजिम बातें नहीं करेंगे। वहीं, चाय पानी आदि पीकर बच्चों की एकाग्रता भंग नहीं करेंगे। अगर ऐसा मामला सामने आता है तो उन पर भी कार्रवाई की जाएगी।