पंजाब पुलिस भर्ती प्रक्रिया में पहली बार प्रतिभागियों का डोप टेस्ट
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस में अफसर बनने का सपना देख रहे हैं तो तैयारी में जुट जाएं। बहुत जल्दी 3000 पदों पर भर्ती होने जा रही है, सुनहरा मौका मिलेगा। दरअसल पंजाब पुलिस के विभिन्न विंगों में लंबे समय से खाली पदों को भरने की तैयारी शुरू हो गई है।
राज्य के डीजीपी सुरेश अरोड़ा ने विभाग के सभी विंगों से यह आंकड़ों मंगा लिए हैं कि किस विंग में कौन-कौन से पद खाली हैं। इन आंकड़ों को ध्यान में रखते हुए सबसे पहले सिपाहियों के पद भरने का फैसला लिया गया है और डीजीपी ने राज्य पुलिस में 3000 कांस्टेबलों की भरती संबंधी एक प्रस्ताव राज्य के गृह विभाग को भेजा है।
यह उम्मीद जताई जा रही है कि गृह विभाग को भेजे प्रस्ताव पर अंतिम फैसला मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह लेंगे और नए साल से पहले महीने में कांस्टेबलों की भर्ती का एलान हो सकता है।
चुनाव से पहले भर्ती किए गए 7200 पुलिस वाले
पंजाब पुलिस भर्ती
- फोटो : अमर उजाला
उल्लेखनीय है कि सूबे में पिछली अकाली-भाजपा गठबंधन सरकार ने इस साल विधानसभा चुनाव से ऐन पहले आनन-फानन में 7200 युवाओं को पंजाब पुलिस में भर्ती किया था। लेकिन अब डीजीपी द्वारा विभाग के अलग-अलग विंग से मंगाई की सूची में कांस्टेबलों के अलावा इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर समेत कई उच्च पद भी खाली होने का ब्योरा तैयार हो गया है।
इसे देखते हुए डीजीपी ने कांस्टेबलों की भरती के बाद ही खाली पड़े उच्च पदों पर भरती के लिए प्रस्ताव भेजने का फैसला लिया है। इस बीच, मुख्य सचिव करण अवतार सिंह ने राज्य पुलिस से सभी खाली पदों का ब्योरा तलब कर लिया है।
हालांकि पंजाब पुलिस में भरती संबंधी फैसला इस मुद्दे पर गठित कमेटी द्वारा ही लिया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री के अलावा डीजीपी और गृह सचिव शामिल हैं। लेकिन माना जा रहा है कि मुख्य सचिव को खाली पदों का ब्योरा उपलब्ध कराए जाने के बाद ही नई भरती संबंधी कार्रवाई आगे बढ़ सकेगी।