वारिस पंजाब दे के प्रमुख अमृतपाल सिंह व उसके साथियों को ढूंढने में जुटी पुलिस ने सोमवार को राज्य में 300 से ज्यादा नाके लगाकर वाहनों की जांच की। कई ठिकानों पर दबिश भी दी गई लेकिन 17वें दिन भी कोई सफपलता नहीं मिली। इससे पंजाब पुलिस और खुफिया एजेंसियों पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस की सर्च माझा और दोआबा क्षेत्र पर अधिक केंद्रित हैं।
आखिरी बार उसे होशियारपुर में देखने का दावा किया गया था। तरनतारन जिले में एसएसपी गुरमीत सिंह चौहान की अगुआई में सोमवार को दिन भर 16 पुलिस थानों के प्रभारियों ने टीम के साथ नाकों पर जांच की। इसके अलावा अमृतसर, होशियारपुर और पठानकोट में भी अभियान जारी रहा।
तरनतारन के एसपी (जांच) विशालजीत सिंह ने बताया कि राज्य भर में हाई अलर्ट के चलते अमृतसर रोड स्थित गांव बालेचक्क, जंडियाला रोड स्थित गांव खब्बे डोगरा, फिरोजपुर रोड स्थित कोटबुड्ढा, अटारी रोड स्थित गांव कसेल के पास बड़े नाके लगाकर आने जाने वाले वाहनों की जांच की गई। तरनतारन में विभिन्न क्षेत्रों में धार्मिक स्थानों, सत्संग घरों एवं डेरों की सुरक्षा बढ़ाई गई है। लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है कि अगर वह क्षेत्र में किसी संदिग्ध को देखें तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।