गौरतलब है कि इससे पहले पुलिस सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होते ही संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर रही थी। पुलिस की यह कार्रवाई उस समय विवाद में घिर गई जब एक बच्चे के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कर ली गई। इसके बाद ही राज्य सरकार ने एफआईआर संबंधी अपना फैसला बदला और आम लोगों को 72 घंटे में सोशल मीडिया से ऐसे आपत्तिजनक फोटो हटा लेने की हिदायत जारी की।
इस बीच, आईजी गिल ने स्पष्ट किया है कि राज्य में नए हथियार लाइसेंस जारी करने पर कोई पाबंदी नहीं है। उन्होंने कहा कि आत्मरक्षा में आम लोगों को अपने पास हथियार रखने पर कोई पाबंदी नहीं है। गन कल्चर के खिलाफ मुहिम के दौरान नए आर्म्स लाइसेंस बनाने पर रोक संबंधी पूर्व एलान को लेकर आईजी गिल ने कहा कि मुहिम के तहत लाइसेंस और हथियारों की जांच का फैसला लिया गया है, जो लाइसेंस गलत पाए जा रहे हैं, उन्हें रद्द किया जा रहा है।
कुछ लाइसेंस जांच के बाद निलंबित किए गए हैं। लाइसेंसधारियों के पास जो हथियार हैं, उनकी भी जांच की जा रही है। नए आर्म्स लाइसेंस पूरे सत्यापन के बाद संबंधित आवेदक को खतरे की जांच करते हुए मेरिट के आधार पर जारी किए जा रहे हैं। कोई भी व्यक्ति लाइसेंसी हथियार अपने पास रख सकता है लेकिन दिखावे या किसी को डराने-धमकाने के लिए इसका प्रदर्शन नहीं किया जा सकता।
पर्यटन मंत्री ने हटाया, औलख ने नहीं
पंजाब की पर्यटन मंत्री अनमोल गगन मान ने हथियार वाला फोटो सोशल मीडिया से हटा लिया है लेकिन गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले गीतों के कारण विवादों में घिरे रहे गायक मनकीरत औलख ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से अब तक हथियार वाले फोटो नहीं हटाए हैं। वहीं, अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने भी सीएम मान की हथियार वाली फोटो अपने अकाउंट से नहीं हटाई है। दो दिन पहले उन्होंने इस फोटो को शेयर कर पूछा था कि क्या सीएम के खिलाफ केस दर्ज होगा?