फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mann Ministers On Radar : छह मंत्रियों का काम बढ़िया, तीन का संतोषजनक, छह माह बाद फिर होगी समीक्षा

Wed, 25 May 2022 03:28 AM IST
ajay kumar अभिषेक वाजपेयी, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

पंजाब कैबिनेट के मंत्रियों के कई अधिकारी मुख्यमंत्री भगवंत मान के सीधे संपर्क में हैं। मुख्यमंत्री मान सीधे अधिकारियों से मिलकर मंत्रियों के विभागों में किए जा रहे कार्यों की रिपोर्ट ले रहे हैं
विज्ञापन
पंजाब के सीएम भगवंत मान। - फोटो : फाइल
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पंजाब सरकार के मंत्री सत्तासीन आम आदमी पार्टी के रडार पर हैं। अब तक पार्टी की समीक्षा में मुख्यमंत्री भगवंत मान की कैबिनेट के छह मंत्रियों का काम बढ़िया मिला है, जबकि तीन मंत्रियों के काम पर संतोष जताया गया है। समीक्षा में भ्रष्टाचार पर पार्टी ने विशेष फोकस किया है। पार्टी मंत्रियों के कार्यों की छह महीने तक समीक्षा कराएगी, जिसके बाद पार्टी संयोजक और मुख्यमंत्री की सहमति के बाद मंत्रियों के विभागों में बदलाव किया जाएगा। 

विज्ञापन


बर्खास्त सेहत मंत्री विजय सिंगला की रिपोर्ट पार्टी की समीक्षा में सबसे खराब बताई जा रही थी। पंजाब में इस बार आम आदमी पार्टी ने बड़ा उलटफेर करते हुए 92 सीटों पर जीत हासिल कर पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाई है। मुख्यमंत्री के तौर पर भगवंत मान ने 16 मार्च को शपथ ली थी। शपथ लेने के साथ ही मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार मुक्त सरकार बनाने की घोषणा की थी। 

आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी सरकार बनते ही भ्रष्टाचार मुक्त सरकार देने का दावा किया था। आम आदमी पार्टी के सूत्रों ने बताया कि इन्हीं दावों के बीच पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा मान सरकार के 10 कैबिनेट मंत्रियों के कार्यों की समीक्षा कराई जा रही है। पार्टी की इस समीक्षा का मुख्य उद्देश्य देश के दूसरे राज्यों में भ्रष्टाचार मुक्त सरकार का संदेश देना है।

विज्ञापन
विज्ञापन

अब तक पार्टी स्तर पर मंत्रियों की हुई समीक्षा में छह मंत्रियों के कार्य को बेहतर बताया गया है। अन्य तीन मंत्रियों की समीक्षा रिपोर्ट अच्छी नहीं आई है। बताया जा रहा है कि पार्टी अभी इस मामले में कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाएगी, छह महीने तक उनके कामों पर पार्टी के समीक्षक नजर रखेंगे।
 
समीक्षा का समय पूरा होने के बाद ही मुख्यमंत्री भगवंत मान और पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व कोई बड़ा फैसला करेगा। स्वास्थ्य मंत्री पर मुख्यमंत्री द्वारा की गई बर्खास्तगी की कार्रवाई इसी समीक्षा का हिस्सा है। इस कार्रवाई से कैबिनेट मंत्रियों के साथ ही पंजाब और दूसरे राज्यों में भी पार्टी ने बड़ा संदेश देने की सफल कोशिश की है।

इन मंत्रियों का काम बढ़िया
आप की समीक्षा में जिन मंत्रियों का काम बढ़िया मिला है उनमें छह नाम शामिल हैं। इन नामों में सबसे बड़ा नाम हरपाल सिंह चीमा का है। यह अभी सरकार के अहम मंत्रालय वित्त की देखरेख कर रहे हैं। दूसरे नंबर पर कुलदीप सिंह धालीवाल हैं, जो पंचायत मंत्री हैं। तीसरे नंबर पर शिक्षा मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर को रखा गया है। इसके अलावा कैबिनेट मंत्री लालचंद, हरजोत सिंह बैंस और हरभजन सिंह ईटीओ के काम को अच्छा बताया गया है। वहीं डॉ. बलजीत कौर, लालजीत सिंह भुल्लर और ब्रह्म शंकर जिंपा के काम पर संतोष जताया गया है।

मुख्यमंत्री के संपर्क में अधिकारी
पंजाब कैबिनेट के मंत्रियों के कई अधिकारी मुख्यमंत्री भगवंत मान के सीधे संपर्क में हैं। मुख्यमंत्री मान सीधे अधिकारियों से मिलकर मंत्रियों के विभागों में किए जा रहे कार्यों की रिपोर्ट ले रहे हैं। हालांकि इसकी बड़ी वजह यह भी बताई जा रही है क्योंकि मंत्रिमंडल में अधिकांश मंत्री पहली बार बड़ी जिम्मेदारी देख रहे हैं।
पंजाब को एक स्वच्छ और ईमानदार सरकार देने का आम आम आदमी पार्टी ने संकल्प लिया है। पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व और मुख्यमंत्री भगवंत मान इसको लेकर हर संभव कार्य कर रहे हैं। आप भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन से निकली पार्टी है इसलिए यह साफ है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की राजनीति ईमानदारी पर आधारित है। - मलविंदर सिंह कंग, प्रवक्ता, आम आदमी पार्टी
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें