जेल से फरार होने के बाद गुरप्रीत, जरनैल व विशाल शर्मा परमजीत कौर के घर में पहुंचे थे। कुछ देर वहां ठहरने के बाद तीनों घर से फरार हो गए थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार परमजीत व काले ने इन तीनों को भगाने के लिए वित्तीय सहायता भी दी थी। जेल से भागे तीनों आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस इन तीनों के रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है। दोनों की गिरफ्तारी के बाद तीनों अपराधियों के बारे में सुराग मिलने की पुलिस को उम्मीद है।
बता दें कि एक फरवरी को देर रात केंद्रीय जेल अमृतसर से तीन अपराधी जेल की बैरक तोड़कर फरार हो गए थे। इन कैदियों ने जेल की 21 फुट ऊंची दीवार फांदी थी। इस मामले में थाना इस्लामाबाद में इन तीनों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। पुलिस कमिश्नर ने इन तीनों की गिरफ्तारी के लिए एक उच्च पुलिस अधिकारियों की एक टीम का गठन किया है। जेल से फरार गुरप्रीत व जरनैल सिंह के खिलाफ थाना बी डिवीजन में धारा 379 व धारा 399 सहित कई धाराओं में मामले दर्ज है। विशाल शर्मा के विरुद्ध थाना छेहरटा में पॉस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज है।