शुक्रवार सुबह तक रेल ट्रैक खाली किए जाने संबंधी खबरों पर भारतीय किसान यूनियन (राजेवाल) के प्रधान बलबीर सिंह राजेवाल ने कहा कि इस संबंध में राज्य सरकार से उन्हें कोई संदेश नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि वे पहले ही एलान कर चुके हैं कि मालगाड़ियों को नहीं रोका जाएगा लेकिन यात्रीगाड़ियों को नहीं चलने देंगे।
वे अपने एलान पर अब भी कायम हैं और केवल मालगाड़ियों को ही चलने दिया जाएगा। किसानों ने रेल ट्रैक पहले ही खाली कर दिए हैं और रेलवे स्टेशनों पर जारी धरना भी स्थान बदल कर स्टेशनों के पार्कों में ले जाया गया है। इस तरह प्लेटफार्म भी खाली कर दिए गए हैं। राजेवाल ने चेतावनी दी कि अगर यात्री ट्रेनें चलाई गईं तो किसान संगठन उन्हें अवश्य रोकेंगे।
आंदोलन से पहले ही दे चुके हैं छूट : जगमोहन सिंह
इस बीच पंजाब में आंदोलनरत किसान संगठनों ने कहा कि वे पहले ही एलान कर चुके हैं कि मालगाड़ियों को रोका नहीं जाएगा। भाकियू एकता डकौंदा के जगमोहन सिंह पटियाला ने कहा कि उनका आंदोलन कृषि कानून रद्द किए जाने तक जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कई किसान संगठन अब तक रेल ट्रैक रोक रहे थे लेकिन मंगलवार की बैठक में किसान संगठनों ने अगले 15 दिन तक मालगाड़ियां नहीं रोकने की घोषणा कर दी है। लेकिन रेल ट्रैक खाली करने के बारे में राज्य सरकार ने फिलहाल किसान संगठनों से कोई बात नहीं की है।