भारतीय जनता पार्टी के पंजाब अध्यक्ष अश्वनी शर्मा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जयंती समारोह में हुई तोड़फोड़ को लेकर कांग्रेस सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि पंजाब में 27 स्थानों पर ऐसा हुआ है। इसके लिए सीधे तौर एक पार्टी जिम्मेदार है। पुलिस के हाथ पैर भी बांध दिए गए हैं। भाजपा जहां भी कार्यक्रम करती है पुलिस अधिकारी वहां पहुंच कहते हैं कि बाहर किसान आ गए हैं। कार्यक्रम बंद करो। क्या यहीं लोकतंत्र है। वे रविवार को लुधियाना के सर्किट हाउस में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।
‘किसी से नहीं लिया जाएगा प्रतिशोध’
उन्होंने कहा कि सोमवार को भाजपा का एक प्रतिनिधि मंडल डीजीपी दिनकर गुप्ता से मिलेगा। इसके बाद आगामी कार्यक्रम की घोषणा की जाएगी। उनकी किसानों से अपील है कि जिद्द छोड़कर सरकार से बात करें। जीएसटी में भी अब तक 40 से ज्यादा संशोधन हो चुके हैं। शर्मा ने कहा कि प्रदेश भर में 31 भाजपा नेताओं के घरों के बाहर किसान बैठे है।
लोकतंत्र में विरोध करने का हक सभी को दिया गया है लेकिन यह एक दिन का होता है लेकिन एक माह तक भाजपा नेताओं के घरों को घेरा गया है। पटियाला में भाजपा नेता के घर की दीवारों पर लोग चढ़कर बैठे है। कार्यक्रम में सुरक्षा के सवाल पर उन्होंने कहा कि हम किसी से प्रतिशोध नहीं लेंगे, वह चाहे कुछ भी करें। इस दौरान भाजपा जिला प्रधान पुष्पेंद्र सिंगला, सीनियर भाजपा नेता रविंदर अरोड़ा, अरुण सरीन सहित कई दिग्गज मौजूद रहे।