कोरोना संक्रमण से ठीक हुए पुलिसकर्मी अन्य संक्रमित साथियों की मदद को आगे आए हैं। वह अपने साथियों के लिए प्लाज्मा का दान दे रहे हैं। संक्रमण से ठीक हुए 20 से अधिक पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों ने अपनी मर्जी से प्लाज्मा दान किया है। इसके अतिरिक्त 100 से अधिक अन्य लोगों ने भी समाज की भलाई के लिए ऐसा करने की पेशकश की है।
पंजाब पुलिस कोरोना योद्धा बनकर लोगों की मदद कर रही है। सूबे के मुख्यमंत्री ने भी पुलिस को हर संभव मदद देने का एलान किया है। उन्हीं के प्रयासों से कोरोना से मृतक पुलिसकर्मियों के परिजनों को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। इसकी प्रक्रिया चल रही है, जल्द ही पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। - दिनकर गुप्ता, डीजीपी, पंजाब
एक लाख वॉलंटियर कर रहे पंजाब को सजग
कोरोना संक्रमण के दायरे को तोड़ने के लिए सरकार की तरफ से एक लाख वॉलंटियर पंजाब के लोगों को सजग करने का कार्य कर रहे हैं। उनके द्वारा अब तक 9355 गांवों में जागरूकता अभियान चलाया जा चुका है।
पंजाब के खेल और युवा सेवाएं संबंधी मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढी ने बताया कि इस मुहिम में राज्य भर के 4488 यूथ क्लबों, एनएसएस इकाइयों और रेड रिबन क्लबों ने भाग लिया। इन्होंने लोगों को जागरूक करने और इस बीमारी के लक्षण होने पर सरकारी अस्पतालों में जाकर टेस्ट करवाने के लिए प्रेरित किया।
इन क्लबों और इकाइयों के 90962 वॉलंटियरों ने इस जागरूकता मुहिम को मानवता की सच्ची सेवा के एक मिशन के तौर पर चलाया और लोगों को सामाजिक दूरी अपनाने, मास्क पहनने और हाथ धोने या सैनिटाइज करने के लिए जागरूक किया। इसके अंतर्गत वॉलंटियरों की तरफ से लोगों को पुस्तकें और पोस्टर बांटे गए और स्वास्थ्य विभाग के कोरोना से निपटने के लिए के दिशा-निर्देशों संबंधी अवगत करवाया गया।
यह भी देखें- हमारे चैनल को सब्सक्राइब भी करें-