पंजाब में मतदान की समय सीमा खत्म हो गई है। हालांकि शाम चार बजे तक जो लोग लाइन में लग गए थे, उन्हें मतदान का मौका दिया जाएगा। इसलिए अभी वोटिंग जारी है। अभी तक 63% मतदान हुआ है।
पठानकोट के कई वार्डों के बूथों में टकराव की स्थिति बनी। भाजपा और कांग्रेस ने एक दूसरे पर धक्केशाही का आरोप लगाया। वार्ड 4 की पोलिंग रुकी।
चंडीगढ़ के पार्षद दविंदर सिह बबला मोहाली में पोलिंग बूथ में घुसे। विवाद के बाद पुलिस ने बबला को पोलिंग स्टेशन से बाहर निकाला।
कांग्रेस के दिग्गज नेता व गिद्दड़बाहा के विधायक अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने संवेदनशील माने जा रहे वार्ड नंबर 2, 3, 10 व अन्य का कार्यकर्ताओं के साथ मुआयना किया। राजा वड़िंग सिविल अस्पताल में घायल कांग्रेसी उम्मीदवार यादू व अन्य का हाल-चाल जानने भी पहुंचे। इस मौके राजा वड़िंग ने कहा कि बेहद शर्मनाक बात है कि कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद कांग्रेसियों के साथ ही धक्केशाही हो रही है।
कपूरथला में 2 बजे तक 49.44%और सुल्तानपुर लोधी में 58.47% मतदान हुआ।
जीरकपुर में दोपहर दो बजे तक 41 फीसदी मतदान हुआ।
जलालाबाद के वार्ड नम्बर 4 के एक बूथ पर कुछ युवकों ने जाली वोट पाने का प्रयास किया तो पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया और सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध कर दिए।
पंजाब निकाय चुनाव में दो बजे तक 55.91 फीसदी मतदान हुआ। बठिंडा को पछाड़ कर मानसा आगे निकला। मानसा में 68.9% वोटिंग हुई। सबसे कम मोहाली में 47.7% मतदान हुआ।
रायकोट के वार्ड नंबर 14 मे आम आदमी पार्टी के जिला दलित विंग प्रधान बलौर सिंह ने सत्तारुढ़ कांग्रेस पार्टी पर धक्केशाही और गड़बड़ी का आरोप लगाया। इसके बाद उन्होंने पुलिस कप्तान को ज्ञापन भी दिया।
सुनाम में दो बजे तक 51.58 फीसदी मतदान हुआ।
पठानकोट नगर निगम में दोपहर 2:30 बजे तक 49.96 और नगर काउंसिल में 53.82 मतदान हुआ।
राजपुरा में कांग्रेस पर बूथों पर कब्जा करने का आरोप लगा है। आरोप है कि सभी पार्टियों के एजेंटों को बाहर निकाल उनसे मारपीट की गई और मशीनों के बटन दबाए गए।
सोहाना में फर्जी वोटर पकड़ा गया है। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।
संगरूर में नगर काउंसिल/नगर पंचायत की वोटिंग के दौरान ढाई बजे तक 46.71 फीसदी वोटिंग हुई।
मोहाली के फेज 3ए में बने मतदान केंद्र में 2 ईवीएम खराब हो गईं हैं, जिस वजह से वोट डालने आए लोगों की लंबी कतार लग गई।
मोगा में 50.12 फीसदी, निहाल सिंह वाला में 73.37% और कोट ईसे खां 66.63% और बधनी कलां में 75.18% मतदान हुआ है।
खन्ना में दोपहर 2 बजे तक 48.39 फीसदी मतदान हुआ।
रायकोट मे धीमी गति के बाद मतदान अब तेजी से हो रहा है। एक बजे तक करीब 47% पोलिंग हो चुकी है। 15 वार्ड की इस नगर काउंसिल मे शांतिपूर्वक मतदान हो रहा है।
बठिंडा में भाजपा नेता सुखपाल सिंह सरां ने आरोप लगाया कि वार्ड नंबर 14 में अंकुर और सतीश नामक व्यक्ति वोट डालने पहुंचे तो पोलिंग स्टाफ ने जब उनका नाम चेक किया तो वोटर सूची में उनका नाम नहीं था। इसके बाद पोलिंग स्टाफ ने दोनों लोगों को पुलिस के हवाले कर दिया। भाजपा नेता ने बताया कि इन दोनों के बारे में प्रोजिडिंग अफसर ने भी लिखित में पुलिस को दे दिया लेकिन उसके बावजूद पुलिस ने उन पर कोई कार्रवाई नहीं की। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि मामले के कुछ देर बाद वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल मौके पर पहुंचे और फर्जी वोट डालने आए दोनों लोगों को छुड़वाकर ले गए। उन्होंने आरोप लगाया कि मनप्रीत बादल निगम चुनाव को फर्जी वोटों से जीतना चाहते हैं और शहर में पूरी तरह से कांग्रेस के गुंडों ने वोटरों में दहशत का माहौल बना दिया।
फिरोजपुर के वार्ड नंबर 17 में कांग्रेसी और अकाली आपस में भिड़े। आरोप है कि अकालियों का स्टाल तोड़ दिया गया।
बठिंडा के भाजपा नेता ने चुनाव कमीशन को वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल के खिलाफ शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
बरनाला में दोपहर 12 बजे तक 36.63 फीसदी मतदान हुआ। तपा में 43.54, धनौला 43.57 और भदौड़ में 47 फीसदी मतदान हुआ।
बठिंडा में निगम चुनाव के दौरान वार्ड नंबर 14 में फर्जी वोट डालने पहुंचे लोगों को पोलिंग स्टाफ ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। लेकिन कुछ ही देर बाद उन लोगो को पुलिस ने छोड़ दिया। भाजपा के प्रदेश सचिव सुखपाल सिंह सरा ने राज्य के चुनाव आयोग को वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल के खिलाफ लिखित शिकायत भेजकर कारवाई की मांग की है।
पंजाब में निकाय चुनाव में 12 बजे तक 37.01 % मतदान हुआ। बठिंडा अब भी सबसे आगे है। बठिंडा में 48.42% वोटिंग हुई है। सबसे कम संगरूर में 30.7% मतदान हुआ है।
जगरांव के वार्ड नंबर तीन में बाद दोपहर उस समय हंगामा हो गया, जब जाली मतदान को लेकर कांग्रेसी, आप और आजाद प्रत्याशी में विवाद हो गया। पुलिस को जैसे इस घटना की सूचना मिली वह तुरंत मौके पर पहुंचे और सभी को वहां से हटा दिया गया। कांग्रेस प्रत्याशी बलवीर कौर का कहना है कि आजाद प्रत्याशी ने वोट पर्ची के पीछे अपना चुनाव चिन्ह छपवा रखा है। इस वोट पर्ची को घर घर बांटा जा रहा है। वहीं कुछ बाहरी लोगों से जाली वोट डालने का काम कर रहे है। इस घटना की सूचना मिलने पर आप विधायक सर्वजीत कौर माणूके भी मौके पर पहुंची।
तरनतारन के एसएसपी ध्रुमन एच निंबले ने कहा कि पुलिस ने बेवजह झगड़ा करने वाले लोगों को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज किया था। पुलिस की तरफ से कोई गोली नहीं चलाई गई। फिलहाल पुलिस ने आम आदमी पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
तरनतारन के कस्बा पट्टी के वार्ड नंबर 7 में नगर काउंसिल चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पार्टी के समर्थकों के बीच झड़प हो गई। पुलिस ने समर्थकों को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज कर दिया। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता मनवीर सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिस ने कांग्रेसी समर्थकों के इशारे पर लाठीचार्ज किया और गोलियां चलाई। मनवीर सिंह ने दावा किया कि पुलिस की गोली से वह जख्मी हुआ है और पुलिस के लाठीचार्ज से उसे गंभीर चोट लगी है।
अमृतसर के वार्ड नंबर 37 में भाजपा प्रत्याशी का विरोध करने पहुंचे किसान संघर्ष कमेटी के कार्यकर्ताओं ने बूथ नहीं लगाने दिया। नवांशहर में पूर्व नगर काउंसिल प्रधान ललित मोहन पाठक के साथ कांग्रेसियों की हुई कहासुनी। बात हाथापाई तक पहुंची।
खन्ना के वार्ड नंबर 12 के 48 नंबर बूथ पर ईवीएम में खराबी आई। करीब एक घंटे के बाद शुरू हुआ मतदान।
अबोहर के वार्ड नं. 43 में कांग्रेसियों पर विधायक अरुण नारंग के बेटे करण नारंग से हाथापाई करने के आरोप के बाद हंगामा हो गया।
होशियारपुर के गढ़दीवाला में किसानों ने भाजपा देहात के अध्यक्ष संजीव मिन्हास को घेर कर गाड़ी में तोड़फोड़ की। भाजपा का आरोप है कि उनके दो प्रत्याशियों के साथ भी मारपीट की गई है।
बठिंडा के वार्ड नंबर 14 में फर्जी वोट डालते हुए दो लोग पकड़े गए। भाजपा ने चुनाव आयोग से शिकायत की है।
रोपड़ के वार्ड नंबर 14 में अकाली और कांग्रेसी समर्थकों के बीच भिड़ंत हो गई।
मंडी गोबिंदगढ़ के वार्ड नंबर 5 में अपने माता पिता के साथ वोट डालने आए बच्चे को पुलिस मुलाजिम के डंडा मारने के बाद वहां हंगामा हो गया।
मुक्तसर में कुल 31 वार्ड हैं। वार्ड नंबर आठ से कांग्रेस प्रत्याशी तेजिंदर सिंह जिम्मी बराड़ पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं। इस वार्ड के बाकी प्रत्याशियों के नामांकन पत्र किसी न किसी वजह से रद्द हो गए थे। रविवार को बाकी बचे 30 वार्डों के लिए 167 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला तय करने के लिए मतदाता बूथों पर आते-जाते नजर आ रहे थे। उधर, वार्ड नंबर 24 के बूथ नंबर 56 पर ईवीएम मशीन खराब होने के कारण मतदान एक घंटा देरी से शुरु हुआ।
पंजाब में निकाय चुनाव में 10 बजे तक 15.74 % मतदान हुआ है। बठिंडा सबसे आगे है। यहां 22.56% वोटिंग हुई है। फरीदकोट में सबसे कम 11% ही मतदान हुआ है।
जंडियाला नगर काउंसिल के चुनाव में 11 बजे तक 20 फीसदी मतदान हुआ है। अजनाला में भी पहले दो घंटों में 20 फीसदी मतदान हुआ है।
बटाला में वार्ड नंबर 34 में कांग्रेस और आजाद उम्मीदवार के समर्थकों के बीच मारपीट तक की नौबत आ गई। मोहाली के फेज 11 में अकाली दल और कांग्रेस के नेताओं के बीच धक्का मुक्की हुई।
नगर निगम अमृतसर के वार्ड नंबर 37 के चुनाव में कांग्रेस पार्टी के उमीदवार द्वारा सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर मतदाताओं पर डाले जा रहे दबाव के विरुद्ध लोगों ने पंजाब सरकार के विरुद्ध नारेबाजी की। पुलिस ने सुबह ही अकाली दल के कई वर्करों को हिरासत में ले लिया था। इससे अकाली कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ गई। अकाली कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पुलिस अधिकारी उनके समर्थकों को डरा-धमका रहे हैं। इस वार्ड में शिअद उम्मीदवार इंद्र जीत सिंह पंडोरी और कांग्रेस के उम्मीदवार गगनदीप सिंह शहजरा के बीच मुकाबला है।
जीरकपुर में सुबह 10 बजे तक 12 फीसदी, डेराबस्सी में 14 और लालड़ू में 19 फीसदी मतदान हुआ है। लुधियाना में सुबह दस बजे तक जिला भर में आठ जगह पर कुल 13.79 फीसदी मतदान हो चुका है।
खन्ना के वार्ड नंबर 29 में ईवीएम मशीन खराब होने से वोटिंग रुकी। आजाद उम्मीदवार के चुनाव चिन्ह ट्रैक्टर का बटन खराब हुआ।
बठिंडा वार्ड नंबर 37 में लोगों ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस निष्पक्ष ड्यूटी करने के बजाय कांग्रेस सरकार के इशारे पर वोटरों को डरा धमका रही है। लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने दो अकाली वर्करों को पुलिस हिरासत में लिया है।
सुनाम में दस बजे तक 10.23 फीसदी मतदान हुआ।
वोटर सूचियों में नाम होने पर भी मतदान नहीं करने देने पर मोहाली के वार्ड नम्बर 14 में हंगामा हो गया।
अबोहर में 10 बजे तक 13 प्रतिशत मतदान हुआ है। वहीं रायकोट नगर कउंसिल के 15 वार्ड में वोटिंग शांतिपूर्वक चल रही है। धुंध बहुत ज्यादा होने के कारण लोग वोट डालने के लिए कम निकल रहे हैं।
फरीदकोट में सुबह दस बजे तक 13.50% मतदान हुआ। जैतो में 18 फीसदी और कोटकपूरा में 16.12 फीसदी मतदान हो चुका है।
इस बार के चुनाव में कृषि कानूनों को लेकर आक्रोश का सामना कर भाजपा अकेले ही मैदान में हैं। पार्टी दो दशकों में पहली बार अकालियों के बिना चुनाव लड़ रही है। एनडीए के सबसे पुराने सहयोगी रहे शिरोमणि अकाली दल ने कृषि कानूनों को लेकर अपने विचार के चलते भाजपा से नाता तोड़ लिया था।
तरनतारन के पट्टी और भिखीविंड में कोहरे के कारण अभी धीमी रफ्तार से मतदान हो रहा है।
धुरी में वार्ड नंबर छह में बारात ले जाने से पहले वोट डालने के लिए दूल्हा पहुंचा।
फरीदकोट जिले में तीन नगर काउंसिल फरीदकोट कोटकपूरा और जैतो के कुल 71 में से 70 वार्डों के लिए मतदान प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। फरीदकोट के कुल 25 वार्डों में से 1 वार्ड पर पहले ही बिना मुकाबले चुनाव हो चुका है जबकि 24 वार्डों के लिए कुल 108 उम्मीदवार मैदान में हैं। रविवार सुबह फरीदकोट से आम आदमी पार्टी के पूर्व सांसद प्रोफेसर साधु सिंह ने अपनी पत्नी के साथ सरकारी बरजिंदरा कॉलेज में मतदान किया।
फिरोजपुर के वार्ड नंबर 20 के अकाली उम्मीदवार ने चुनाव का बहिष्कार किया। वहीं खन्ना में कई जगह मशीनें खराब होने से वोटिंग रूक गई थी। हालांकि दोबारा वोटिंग शुरू हो गई है।
मोहाली फेज एक शास्त्री स्कूल के बाहर भंगड़े की थाप पर वोटरों का स्वागत किया गया।
मोहाली जिले में लालड़ू नगर काउंसिल चुनाव में एक बूथ पर ईवीएम में दिक्कत आई।
कांग्रेस के सीनियर नेता बीबी मैनी ने मोहाली के फेज 1 में मतदान किया। वह यहां से उम्मीदवार हैं।
पायल हलके में सुबह दस बजे तक 14.6% (912 मत) मतदान हुआ है।
मोहाली फेज सात में आजाद ग्रुप के उम्मीदवार के आरोपों की जानकारी मिलते ही एसएसपी सतिंदर सिह खुद मौके पर पहुंचे। यह वार्ड मोहाली का सबसे संवेदनशील वार्ड है। इसके साथ ही इसे वीआईपी वार्ड भी माना जाता है।
स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने कहा कि यह चुनाव विधानसभा का सेमीफाइनल है। जब उनसे भाई को मेयर बनाने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यह पार्टी चुनाव जीतने के बाद तय करेगी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस मोहाली नगर निगम की 50 सीटें जीतेगी।
भाजपा पंजाब प्रधान अश्वनी शर्मा ने गुरदासपुर रोड स्थित कबाड़ धर्मशाला में अपना वोट डाला। पठानकोट में 1150 पुलिस और 10 पेट्रोलिंग पार्टियां सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही हैं।
पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने मोहाली के फेज सात में सेंट सोल्जर स्कूल में मतदान किया। कांग्रेस की जीत का दावा किया।
पंजाब में रविवार को घना कोहरा छाया रहा। इसके बावजूद मतदाताओं का उत्साह देखते ही बनता था। सुनाम में कोहरे के बीच ही लोग मतदान के लिए पहुंच रहे हैं।
मोहाली के फेज सात में सेंट सोल्जर स्कूल में मतदान के लिए परिवार समेत पहुंचे सेहत मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू को मतदान के लिए पर्ची नहीं मिल पाई
मोहाली फेज सात से कांग्रेस उम्मीदवार अमरजीत सिद्धू पर आजाद ग्रुप के परमजीत सिंह कालो ने धक्का करने के आरोप लगाए हैं। आरोप है कि अमरजीत सिद्धू बूथ के बाहर खड़े होकर मतदाताओं को रिझाने का प्रयास कर रहे हैं। यह गलत है। पुलिस भी उनका ही साथ दे रही है। अमरजीत सिद्धू सेहत मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू के भाई हैं।
मुक्तसर के डीएवी स्कूल स्थित 56 नंबर बूथ पर वोटिंग मशीन बंद पड़ी है। वहीं बलटाना के सरकारी स्कूल में मतदान के लिए मतदाता लाइनों में लगे हैं।
पंजाब निकाय चुनाव में कोरोना संक्रमित के वोटिंग को लेकर राज्य चुनाव आयोग ने बड़ा फैसला किया है। रविवार को होने वाले मतदान में संक्रमित व्यक्ति भी अपने मत का प्रयोग कर सकेंगे। बस आयोग की तरफ से जारी कुछ जरूरी गाइड लाइंस का उन्हें प्रयोग करना होगा। वोटिंग के आखिर के एक घंटे में वह मतदान कर सकेंगे। इसको लेकर मतदान केंद्रों पर सभी जरूरी व्यवस्थाएं कर दी गई हैं। राज्य चुनाव आयोग के प्रवक्ता ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मतदान केंद्र पर तैनात रहेगी। संक्रमित व्यक्ति को मतदान करने से पहले जरूरी दूरी रखनी होगी। मास्क और ग्लव्स भी पहनना जरूरी है। संक्रमित व्यक्ति के वोट करने के बाद ईवीएम मशीन को सैनिटाइज किया जाएगा।
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा है कि प्रदेश में चुनाव प्रक्रिया पूरे निष्पक्ष तरीके से हो रही है और सरकार की इसमें कोई दखल नहीं है। स्थानीय निकाय चुनाव में अपनी प्रत्यक्ष हार का ठीकरा दूसरों के सिर फोड़ने के लिए ही शिअद, भाजपा व आप के नेता चुनावों में धक्केशाही के बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।
गंभीर रूप में घायल यादू को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। कांग्रेसियों के अनुसार, पुलिस मौके पर देरी से पहुंची। पूर्व एमएलए बीबी करन कौर बराड़ ने शिरोमणि अकाली दल पर आरोप लगाया है। थाना सिटी के एचएचओ ने बताया कि शहर के में दो वार्डों में झगड़ा हुआ है जिसमें कांग्रेसी उम्मीदवार पर जानलेवा हमला किया गया। वार्ड नंबर चार के उम्मीदवार बयान देने की हालत में भी नहीं हैं। जब भी वे बयान देने के काबिल होंगे उसी के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं देर रात मुक्तसर साहिब के वार्ड नंबर 4 के कांग्रेसी उम्मीदवार और नगर काउंसिल के पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष यादविन्दर सिंह यादू पर जानलेवा हमला कर दिया गया। इसके अलावा वार्ड नंबर 18 में भी कांग्रेसी पर हमले की बात सामने आई है।
मोहाली नगर निगम और सात नगर परिषदों के 195 वार्डो में चार लाख 68 हजार 169 मतदाता मतदान करेंगे। जिले में कुल 902 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
फिरोजपुर में वार्ड नंबर 26 में बूथ नंबर एक की ईवीएम खराब होने से वोटिंग रुक गई है।
पंजाब में नगरपालिका चुनाव के लिए कुल 2302 वॉर्डों के लिए 9222 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। राज्य में कुल 4102 पोलिंग बूथ स्थापित किए गए हैं, जिनमें से 1708 संवेदनशील बूथ और 161 अति संवेदनशील बूथ हैं। जो वोटर शाम 4 बजे तक अपने-अपने पोलिंग बूथों में दाखिल हो जाएंगे उनको वोट डालने का मौका दिया जाएगा।
मतदान और मतगणना के दिन पंजाब में शराब की दुकानें बंद रहेंगी। 14 फरवरी को मतदान और 17 फरवरी को होने वाली मतगणना दो दिन ड्राई-डे घोषित किया गया है। वोटों की गिनती 17 फरवरी को सुबह 9 बजे शुरू होगी।
वोटिंग के लिए 7000 वोटिंग मशीनों का प्रबंध किया गया है। वोटों के कार्य निर्विघ्न रूप से पूरे करने के लिए 20 हजार 510 कर्मचारी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा लगभग 19 हजार पुलिस मुलाजिम तैनात किए गए हैं।
मोहाली में नगर निगम के लिए चुनाव हो रहा है। लोगों में मतदान को लेकर भारी उत्साह है। मोहाली फेज एक शास्त्री स्कूल के बाहर मतदान करने के लिए लंबी लाइन लग गई है।
पंजाब में आठ नगर निगमों और 109 नगर परिषदों और नगर पंचायतों के लिए मतदान हो रहा है। मतदान को निष्पक्ष और अमन-सुरक्षा के साथ पूरा करने के लिए कुल 30 आईएएस, पीसीएस अधिकारियों को बतौर पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
पंजाब में आज निकाय चुनाव हैं। शांतिपूर्ण चुनाव के लिए पंजाब सरकार ने चाकचौबंद सुरक्षा इंतजाम किए हैं। मतदान के लिए 19000 पुलिसकर्मियों को मतदान केंद्रों पर तैनात किया गया है। साथ ही मतदान के काम को सुचारू संचालित करने के लिए 20 हजार 510 कर्मचारियों को लगाया गया है। वोटिंग सुबह आठ बजे शुरू हो गई है।