लोक सभा में कांग्रेस के उपनेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि रेल बजट में खुश होने के लिए कुछ भी नहीं है। इसे कुछ सप्ताह पहले रेल किराए में की बढ़ोतरी के साथ देखा जाना चाहिए। इसे हाल का सबसे कठोर बजट कहा जा सकता है। इसमें यात्रियों को कोई फायदा दिए बगैर घाटों को पूरा करने की कोशिश की गई है।
सरकार बजट से काफी पहले ही किराए व माल भाड़े में बढ़ोतरी कर बजट प्रक्रिया को धोखा दे चुकी है। रेल हादसे रोकने को कोई मजबूत प्रस्ताव नहीं है। यात्री सुरक्षा उनकी प्राथमिकता में पीछे दिखी। नई ट्रेनों का ऐलान कोई नई बात नहीं है। फूड कोर्ट और वाई फाई सिर्फ शब्दों का आडंबर है। बुलेट ट्रेन के लिए भी कोई समय सीमा तय नहीं की गई है।
सराहनीय बजट: सुखबीर
चंडीगढ़। पंजाब के डिप्टी सीएम सुखबीर बादल ने रेल बजट की सराहना की है। उन्होंने कहा कि बजट में पंजाब को काफी बड़ा हिस्सा मिला है। रेलवे के भविष्य में तब्दीली के मकसद वाले इस बजट में पीएम नरेंद्र मोदी की दूरंदेशी झलकती है।
रेलवे के बुनियादी ढांचे की मजबूती के लिए पीपीपी का ऐलान एक प्रगतिशील कदम है। सुखबीर ने एक दशक बाद पंजाब की सुध लेने के लिए पीएम व रेलमंत्री की प्रशंसा की। साथ ही कहा कि अमृतसर में फूड कोर्ट की स्थापना से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
सालों बाद सुनी गई बठिंडा की आवाज: हरसिमरत
चंडीगढ़। बठिंडा से सांसद हरसिमरत कौर बादल ने नई दिल्ली-बठिंडा शताब्दी शुरू करने के लिए रेलमंत्री का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि एक दशक बाद केंद्र में बठिंडा के लोगों की आवाज सुनी गई है। वह सिर्फ शताब्दी के लिए ही रेलमंत्री की आभारी नहीं हैं, बल्कि बजट में पंजाब को और भी ट्रेनें मिली हैं।
इससे पहले पंजाब को कभी इतनी तरजीह नहीं दी गई। एनडीए की सरकार आने से पहले पंजाब को नई ट्रेनों के लिए दस साल इंतजार करना पड़ा। यह पहली बार हुआ है कि सियासी हितों को दरकिनार कर लोगों के हित के मुताबिक रेल बजट लाया गया है।
बजट को सभी क्षेत्रों की जरूरतों को पूरा करने वाला और संतुलित है। इस प्रगतिशील बजट में बुलेट व टूरिस्ट ट्रेन, रेलवे यूनिवर्सिटी, रेलवे ट्रैक की समस्याएं हल करने को अल्ट्रासोनिक प्रणाली, वाई फाई सिस्टम, सीसीटीवी जैसी चीजें हैं।
पंजाब नजरंदाज : बाजवा
प्रदेश कांग्रेस प्रधान प्रताप बाजवा ने कहा है कि रेल बजट में पंजाब को पटरी से उतार दिया गया है। सीमावर्ती राज्य केलिए नई रेल लाइन का ऐलान नहीं किया गया। पंजाब को ट्रेन कनेक्टिविटी की बहुत जरूरत है। पर अकाली-भाजपा सरकार ने कभी गंभीरता से इसे केंद्र सरकार के समक्ष नहीं उठाया।
ट्रांसपोर्ट कारोबार पर बादल परिवार के कब्जे केचलते सरकार बढ़िया रेल संपर्क को बढ़ावा नहीं दे रही है। चंडीगढ़-राजपुरा ट्रैक और ब्यास-कादियां लिंक के बारे में कोई ऐलान नहीं किया गया। बुलेट ट्रेन को अमृतसर तक बढ़ाया जाना चाहिए था। पंजाब को हाई स्पीड ट्रेन भी नहीं मिली। फ्रेट कॉरीडोर को अटारी तक बढ़ाने पर भी कोई ऐलान नहीं हुआ।
राज्य के अच्छे दिनों की शुरुआत: शर्मा
प्रदेश भाजपा प्रधान कमल शर्मा ने रेल बजट का स्वागत करते हुए इसे पंजाब के अच्छे दिनों की शुरुआत बताया है। पहली बार पंजाब को आधा दर्जन ट्रेनें मिली हैं। ब्रांडेड कंपनियों से खाने उपलब्ध कराने की शुरुआत भी पंजाब से होगी। नई ट्रेनों केलिए रेल मंत्री का धन्यवाद।
उन्होंने पंजाब के आम आदमी की सुविधा का पूरा ध्यान रखा है। सराहनीय पक्ष यह है कि बजट में सिखों के तीर्थस्थलोंके लिए विशेष ट्रेन चलाने का प्रस्ताव है। खाने की गुणवत्त्ता पर चिंता भी सराहनीय है।