एग्जिट पोल के नतीजे राष्ट्रीय स्तर पर भले ही एनडीए को बहुमत दे रहे हैं, लेकिन पंजाब के संबंध में इनके अलग-अलग आंकड़ों ने पार्टियों में भ्रम की स्थिति पैदा कर दी है। विभिन्न टीवी चैनलों के एग्जिट पोल अलग-अलग परिणाम दिखा रहे हैं।
अलग-अलग एग्जिट पोल मोटे तौर पर शिअद-भाजपा गठबंधन को 5 से 9, कांग्रेस को 3 से 7 और आप को 1 से 5 सीटें दे रहे हैं। इस स्थिति पर टिप्पणी के लिए ‘अमर उजाला’ ने विभिन्न पार्टियों के नेताओं से बात की। उनकी प्रतिक्रिया इस प्रकार रही :-
गठबंधन को नहीं मिलेंगी इतनी सीटें
पीपीसीसी प्रवक्ता सुखपाल
सिंह खैहरा ने कहा कि कुछ एग्जिट पोल्स ने शिअद-भाजपा गठबंधन को काफी अधिक
सीटें दे दी हैं, जबकि यह तो 2 के आंकड़े सभी आगे नहीं बढ़ पाएगा। निश्चित
रूप से पंजाब में कांग्रेस का प्रदर्शन पिछले लोकसभा चुनाव से बेहतर रहेगा।
शिअद के प्रवक्ता डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने कहा कि 16 मई का इंतजार कीजिए। शिअद-भाजपा गठबंधन की सीटें एग्जिट पोल के नतीजों से अधिक होंगी।
पंजाब भाजपा महासचिव तरुण चुघ के अनुसार अकाली-भाजपा गठबंधन का आंकड़ा पिछले लोकसभा चुनाव से दुगना हो जाएगा। पिछली बार गठबंधन को 5 सीटों पर जीत मिली थी, जबकि इस बार इसके उम्मीदवार 10 सीटों पर विजयी होंगे।
16 को सामने आएगी एग्जिट पोल की सच्चाई
आप नेता भगवंत मान ने कहा कि पिछले चार एग्जिट पोल के नतीजे गलत साबित हो चुके हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव में एग्जिट पोल आप को 4 से अधिक सीटें नहीं दे रहे थे, जबकि इसका आंकड़ा 28 तक पहुंचा। लोकसभा चुनाव के एग्जिट पोल के नतीजे भी पलट जाएंगे। बस 16 तक इंतजार कीजिए, एग्जिट पोल की सच्चाई सामने आ जाएगी।
माकपा पंजाब के सचिव चरण सिंह विर्दी ने कहा कि यह केवल अनुमान हैं। इन पर टिप्पणी नहीं की जा सकती। 16 मई तक इंतजार करना होगा।
भाकपा पंजाब के सचिव बंत सिंह बराड़ का कहना है कि एग्जिट पोल ने संकेत दिया है कि केंद्र की यूपीए और पंजाब की अकाली-भाजपा गठबंधन सरकार के खिलाफ प्रदेश के लोगों में गुस्सा था। इसका जवाब उन्होंने आप के हक में बड़ी संख्या में वोट करके दिया है।