नगर निकाय चुनाव के पहले चरण में सभी निगमों के लिए रविवार को मतदान होगा। शांतिपूर्ण मतदान की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। पोलिंग स्टेशनों की संवेदनशीला के लिहाज से करीब 4000 पुलिसकर्मी चुनाव ड्यूटी पर तैनात किए गए हैं। चुनाव लड़ रहे कुल 1263 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 7.90 लाख वोटर करेंगे।
रविवार को नगर निगम बठिंडा, मोहाली, मोगा, होशियारपुर, पठानकोट और फगवाड़ा के कुल 298 वार्डों के साथ ही पटियाला के दो तथा जालंधर के एक वार्ड के लिए भी मतदान होगा।
राज्य चुनाव आयुक्त एसएस सिंह बराड़ ने शनिवार को बताया कि चार उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं, जिनमें फगवाड़ा के तीन और होशियारपुर का एक शामिल हैं। वहीं, पठानकोट में एक उम्मीदवार के निधन की वजह से संबंधित वार्ड में चुनाव स्थगित कर दिया गया है। अब नगर निगम बठिंडा, मोहाली, मोगा के 50-50, होशियापुर, पठानकोट के 49-49 और फगवाड़ा के 47 वार्डों के लिए चुनाव होगा।
मतदान सुबह 8 से शाम 5 बजे तक होगा, जबकि पहले 4 बजे तक होना था। इसमें एक घंटे का इजाफा किया गया है। 25 फरवरी को नगर परिषद/पंचायत चुनाव के लिए भी मतदान का यही समय होगा। मतदान ईवीएम से होगा तथा स्थिति पर नजर रखने के लिए 10 ऑब्जर्वर नियुक्त किए गए हैं। मतगणना 26 फरवरी को होगी।
वैल्यू एड
4000
पुलिसकर्मियों की तैनाती
7.90 लाख
कुल वोटर
1263
उम्मीदवार मैदान में
10
पर्यवेक्षक रखेंगे स्थिति पर नजर