पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित।
- फोटो : फाइल
पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने गुरुवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान के नाम एक और पत्र लिखा। इस बार राज्यपाल ने मुख्यमंत्री से अवैध खनन के मुद्दे पर सवाल किए हैं। इसके साथ ही हाल ही में ट्रांसफर किए गए तरनतारन के एसएसपी गुरमीत सिंह चौहान और अवैध खनन रोकने गई पुलिस टीम को सस्पेंड करने के मामले में भी विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
राज्यपाल पुरोहित ने अपने पत्र में लिखा- ‘मैं पुलिस में भ्रष्टाचार, रात के समय अवैध खनन में विधायक के करीबी रिश्तेदारों की संलिप्तता और पुलिस अधिकारियों के निलंबन और बाद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) तरनतारन के तबादले के बारे में एक विधायक के आरोपों के संबंध में मीडिया में विरोधाभासी रिपोर्टे पढ़ रहा हूं।’
उन्होंने लिखा कि पंजाब में अवैध खनन एक महत्वपूर्ण मुद्दा है और इसके लिए भ्रष्टाचार को जिम्मेदार ठहराया जाता रहा है। इसकी पृष्ठभूमि में कुछ मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि पुलिस दल ने तरनतारन जिले में रात के समय चल रही अवैध खनन की गतिविधि का भंडाफोड़ किया था, जिसमें एक विधायक का करीबी रिश्तेदार शामिल था।
मीडिया रिपोर्टों में यह भी पता चला है कि अवैध खनन गतिविधि पर छापा मारने गई पुलिस पार्टी को निलंबित कर दिया गया है और एसएसपी का तबादला कर दिया गया है। राज्यपाल ने पत्र में लिखा- ‘इन मीडिया रिपोर्टों के मद्देनजर मैं विधायक द्वारा लगाए गए आरोपों, अवैध खनन गतिविधि और उसके बाद पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के मुद्दे पर एक विस्तृत रिपोर्ट चाहता हूं।’