'बंदी सिंहों' के मुद्दे पर मंत्रियों ने कहा कि गुरदीप सिंह खैरा और दविंदरपाल सिंह भुल्लर की रिहाई के लिए राज्य सरकार जल्द ही दिल्ली और कर्नाटक सरकारों के साथ संपर्क कायम करेगी। यह भी फैसला लिया गया है कि सरकार गुरमीत सिंह, लखविंदर सिंह और शमशेर के परिवारों की अपीलों को मंजूर करके उनकी जल्द रिहाई की प्रक्रिया शुरू करेगी। इनके अलावा बाकी मांगों पर दूसरे चरण में विचार किया जाएगा।
मंत्रियों ने प्रतिनिधिमंडल को यह भरोसा भी दिलाया कि सरकार जगतार सिंह हवारा से संबंधित सभी केसों को मोहाली अदालत में ट्रांसफर करने की अपील पर कानूनी सलाह लेगी और इस संबंध में फैसला 31 मार्च से पहले ले लिया जाएगा।
सूरत सिंह खालसा की सेहत का ख्याल रखेगी सरकार
बैठक के दौरान, लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में भर्ती बापू सूरत सिंह खालसा के मसले पर फैसला लिया गया कि उनकी अस्पताल से छुट्टी के बाद सरकार उनके स्वास्थ्य का पूरा ख्याल रखेगी, जबकि राष्ट्रीय इंसाफ मोर्चा यह यकीनी बनाएगा कि अस्पताल से छुट्टी होने के कम से कम 15 दिन तक खालसा मोर्चे के धरने में हिस्सा नहीं लें।