पंजाब सरकार ने की महिलाओं को समर्पित कई प्रोजेक्ट की शुरुआत।
- फोटो : @capt_amarinder
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जहां पंजाब सरकार ने महिलाओं के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा सुविधा का एलान किया है, वहीं महिलाओं के सशक्तीकरण के उद्देश्य से कई प्रोजेक्टों का आगाज करने की घोषणा के साथ सोमवार को यह दिन विशेष रूप में मनाया। इस मौके पर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने उम्मीद जाहिर की है कि देश जल्द ही महिलाओं को रक्षा बलों की युद्ध लड़ने वाली इकाइयों में भी नई चुनौतियों से मुकाबला करते देखेगा।
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने संयुक्त राष्ट्र और अन्य वैश्विक एजेंसियों के सहयोग से महिला केंद्रित प्रोजेक्टों और महिलाओं के लिए विशेष सांझ शक्ति हेल्पडेस्क और हेल्पलाइन का वर्चुअल तौर पर आगाज किया। उन्होंने बदलते दौर में महिलाओं की तरफ से गौरवमयी पद हासिल करने का जिक्र करते हुए पेप्सिको की चेयरपर्सन का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि महिलाएं सिर्फ जहाज ही नहीं बल्कि लड़ाकू जहाज राफेल भी उड़ा रही हैं। उन्होंने होशियारपुर की बेटी तानिया शेरगिल का भी जिक्र किया। तान्या ने साल 2020 की गणतंत्र दिवस परेड में पुरुष सैन्य टुकड़ियों का नेतृत्व करने वाली पहली भारतीय महिला होने का गौरव हासिल किया था।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने सरकारी नौकरियों में 33 प्रतिशत और पंचायती और शहरी स्थानीय इकाइयों के चुनाव में 50 प्रतिशत आरक्षण पहले ही मुहैया करवा दिया है। सोमवार को यूएन महिला, यूएनडीपी (संयुक्त राष्ट्र विकास फंड), यूएन पॉपुलेशन फंड और एफयूईएल (फ्यूल फ्रेंड्स फार एनलार्जिंग लाइव्स) से संबंधित प्रोजेक्टों के अलावा मुख्यमंत्री ने सभी 383 पुलिस थानों में सांझ शक्ति हेल्पडेस्क और पंजाब पुलिस की तरफ से चलाई जाने वाली 181 सांझ शक्ति हेल्पलाइन की शुरुआत की गई, जो महिलाओं के साथ-साथ बच्चों और बुजुर्गों की शिकायत पर कार्रवाई करेगा। उन्होंने स्कूल शिक्षा विभागों के मास्टर काडर में 2407 महिलाओं को नियुक्ति पत्र देने का एलान किया।