मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बुधवार को राज्य स्तर पर 92 करोड़ की लागत वाली ‘पंजाब स्मार्ट कनेक्ट स्कीम’ का आगाज किया। मुख्यमंत्री ने सांकेतिक रूप में 12वीं कक्षा के छह विद्यार्थियों को स्मार्टफोन सौंपे। इसके साथ ही राज्य भर में 26 विभिन्न स्थानों पर मंत्रियों, विधायकों और अन्य अधिकारियों ने स्कीम की शुरुआत करते हुए विद्यार्थियों को स्मार्टफोन बांटे। इस स्कीम के आरंभ के तौर पर विभिन्न जिलों में प्रत्येक मंत्री ने विद्यार्थियों को 20-20 फोन बांटे, जिससे राज्य में कांग्रेस सरकार ने अपने एक और बड़े चुनावी वादे को पूरा कर दिया।
इस स्कीम के तहत 2017-18 के बजट में 100 करोड़ रुपये रखे गए थे और इसके पहले चरण, जोकि नवंबर, 2020 तक मुकम्मल होगा, में सरकारी स्कूलों के 12वीं कक्षा के 1,74,015 विद्यार्थियों को स्मार्टफोन मिल जाएंगे। इन विद्यार्थियों में 87,395 लड़के और 86,620 लड़कियां शामिल हैं, जिनमें बड़ी संख्या अन्य पिछड़ी श्रेणियों (ओबीसी) और अनुसूचित जातियों एवं अनुसूचित वर्ग से संबंधित हैं। इस योजना के दायरे में आने वाले विद्यार्थियों में 36,555 लाभपात्री ओबीसी, 94832 एससी और 13 विद्यार्थी एसटी वर्ग से संबंधित हैं। बड़ी संख्या में विद्यार्थी ग्रामीण इलाकों से हैं, जिनकी संख्या 1,11,857 है और बाकी शहरों के सरकारी स्कूलों से संबंधित हैं।
इन विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री ने बांटे स्मार्टफोन
मोहाली जिले के विभिन्न सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूलों के विद्यार्थियों- अर्शदीप कौर, सतिंदर कौर, सुखबीर कौर, अमनजोत सिंह, राम सिंह और अमनवीर सिंह ने कहा कि कोविड संकट के दौरान ऑनलाइन शिक्षा हासिल करने में ये स्मार्टफोन बहुत फायदेमंद साबित होंगे।
होशियारपुर के एक मजदूर की बेटी छात्रा गगनदीप ने मुख्यमंत्री को वीडियो द्वारा बताया कि उसने ग्यारवीं कक्षा में 85 प्रतिशत अंक हासिल किए थे लेकिन स्मार्टफोन की कमी के कारण कुछ महीनों से उसकी पढ़ाई का बहुत नुकसान हो रहा था। अब इस फोन के मिलने से वह अपने अधूरे सपने पूरे कर सकती है। सीएम ने उसे विश्वास दिलाया कि उसके सपनों को पूरा करने के लिए हर मदद की जाएगी।
फिरोजपुर: 12वीं कक्षा के 20 बच्चों को मिले स्मार्टफोन
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बुधवार को जिले में कैप्टन स्मार्ट कनेक्ट स्कीम लांच की। इस दौरान डीसी गुरपाल सिंह चाहल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अनुमीत सिंह हीरा सोढ़ी व एसडीएम अमित गुप्ता मौजूद रहे। स्कीम की शुरुआत प्रदेश भर में वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने की। लांचिंग पर मुख्यमंत्री ने सभी बच्चों को बधाई दी।
बुधवार को जिन 20 बच्चों को स्मार्ट फोन वितरित किए गए। उनमें 15 लड़कियां व 5 लड़के शामिल हैं, जिनके नाम रितिका, रीमा, दीक्षा, नवजोत, प्रकाश, सतनाम कौर, सोनिया रानी, नंदिनी, रीमा रानी, पूजा रानी, हरमनदीप कौर, हरमनप्रीत कौर, मुस्कान छाबड़ा, मानसी सेठी, सुमनप्रीत कौर, प्रकाश सिंह, नवजोत सिंह, मोहित कुमार, करन और गगन सिंह हैं।
डीसी ने बताया कि जिले में कुल 5196 बच्चों को ये फोन वितरित किए जाएंगे। इनमें 2517 लड़के व 2679 लड़कियां शामिल हैं। ये सभी बच्चे जिले के 64 सरकारी स्कूलों में 12वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहे हैं।
पटियाला: 'कैप्टन सरकार ने जो कहा, वह कर दिखाया'
स्मार्ट कनेक्ट स्कीम के तहत बुधवार को पटियाला के 12वीं कक्षा के 13962 स्टूडेंट्स को स्मार्टफोन बांटने की शुरुआत जंगलात मंत्री साधु सिंह धर्मसोत ने की। उन्होंने जिले के 15 विद्यार्थियों को रस्मी तौर पर स्मार्टफोन सौंपे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये सांसद परनीत कौर ने विद्यार्थियों को बधाई दी। साथ ही इस स्कीम को राज्य के नौजवानों के डिजिटल सशक्तीकरण की तरफ मील का पत्थर करार दिया।
धर्मसोत ने कहा कि अपने सारे चुनाव वादे पूरे करके सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने जो कहा था, वह कर दिखाया है। इस स्कीम से राज्य की शिक्षा प्रणाली में एक नई क्रांति आएगी। फोन हासिल करने वाले जिले के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी मनमीत कौर, महकदीप सिंह, जतिन शर्मा, दीक्षा, महकदीप कौर, गौरविका शर्मा, सुखजिंदर सिंह, मनप्रीत कौर, हरमनजोत कौर, सिमी शर्मा, अर्शदीप कौर, अजय, जूलियस, जसप्रीत कौर व मनप्रीत कौर ने सीएम का विशेष तौर पर धन्यवाद किया।
फरीदकोट में कैबिनेट मंत्री राणा सोढ़ी ने बांटे मोबाइल
फरीदकोट में बुधवार को कैबिनेट मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी ने सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को मोबाइल बांटे। इससे पहले मिनी सचिवालय में आयोजित समागम के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, पीपीसीसी अध्यक्ष सुनील जाखड़, शिक्षा मंत्री विजयइंद्र सिंह सिंगला समेत अलग-अलग जिलों में आयोजित समागम में शामिल कैबिनेट मंत्रियों ने विचार रखे। सोढ़ी ने बताया कि फरीदकोट में भी 3812 स्मार्टफोन बांटे जाएंगे। इस दौरान सांसद मोहम्मद सदीक, डीसी विमल कुमार सेतिया, जिला योजना कमेटी के चेयरमैन पवन गोयल, कांग्रेस नेता भाई राहुल सिंह सिद्धू मौजूद रहे।
रोपड़: 20 छात्राओं को मिले स्मार्ट फोन
चंडीगढ़ में स्मार्ट कनेक्ट स्कीम के तहत स्पीकर राणा कंवरपाल सिंह ने जिले के सरकारी स्कूलों की 20 छात्राओं को स्मार्टफोन सौंपे। इसके साथ ही उन्होंने जन्माष्टमी की बधाई दी।
बठिंडा: वित्त मंत्री ने बाहरवीं की छात्राओं को बांटे स्मार्टफोन
अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर बुधवार को वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल ने छात्राओं को 39 फोन बांटे। वित्त मंत्री ने कहा कि समय के अनुसार छात्रों एवं छात्राओं को सरकार की तरफ से दिए गए स्मार्टफोन छात्रों के लिए लाभदायक होंगे। उन्होंने कहा कि छात्र इन फोन से ऑनलाइन शिक्षा आसानी से हासिल कर सकेंगे। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रताप सिंह बाजवा एवं मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के बीच चल रहे विवाद को लेकर जब वित्त मंत्री बादल से पूछा तो उन्होंने कहा कि उक्त मामला उनकी पार्टी का निजी मामला है। इस बारे में वह कुछ नहीं बोल सकते।
जालंधर में 15 विद्यार्थियों को मिले स्मार्टफोन
जालंधर में भी बुधवार को 15 छात्रों को मुफ्त स्मार्टफोन की सौगात मिली है। फोन के साथ इंटरनेट की सुविधा पर कैबिनेट मंत्री चन्नी ने कहा कि वह इस बारे में सीएम से बात करेंगे। जिन बच्चों को फोन मिल रहे हैं, वह गरीब परिवारों से हैं। बुधवार को 15 विद्यार्थियों को स्मार्टफोन दिए गए। चन्नी ने कहा कि 11894 विद्यार्थियों को स्मार्टफोन बांटे जाने हैं। इस दौरान सांसद चौधरी संतोख सिंह, विधायक सुशील कुमार रिंकू, राजिंदर बेरी, डीसी घनश्याम थोरी, पुलिस कमिश्नर जीपीएस भुल्लर, एसएसपी सतिंदर सिंह मौजूद रहे।
मंत्री विजयइंद्र सिंगला ने बताया कि पंजाब स्मार्ट कनेक्ट योजना के तहत संगरूर के 11 हजार 179 छात्रों को पहले चरण में स्मार्ट फोन मुहैया करवाए गए हैं। अमृतसर के 13 हजार 741, बरनाला में 3792, बठिंडा में 8955, फरीदकोट 3812, फतेहगढ़ साहिब 3991, फाजिल्का 8663, फिरोजपुर 5168, गुरदासपुर 12703, होशियारपुर 10584, जालंधर 11894, कपूरथला 4306, लुधियाना 16682, मानसा 6227, मोगा 6348, मुक्तसर 6175, पठानकोट 5283, पटियाला 13926, रूपनगर 4721, एसबीएस नगर 3762, एसएएस नगर 5686 और तरनतारन में 6417 छात्रों को स्मार्टफोन वितरण किए गए।
संगरूर में कैबिनेट मंत्री विजयइंद्र सिंगला ने बांटे स्मार्टफोन
कैबिनेट मंत्री विजयइंद्र सिंगला ने बुधवार को संगरूर में पंजाब स्मार्ट कनेक्ट योजना के तहत सरकारी स्कूलों के बारहवीं कक्षा के छात्रों को मुफ्त मोबाइल फोन बांटने की शुरुआत की। कैबिनट मंत्री सिंगला ने कहा कि इस योजना के पहले चरण में तकरीबन 92 करोड़ रुपये की लागत से सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे बारहवीं कक्षा के 1 लाख 74 हजार छात्रों को स्मार्टफोन दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इन छात्रों में 1 लाख 11 हजार 857 ग्रामीण क्षेत्रों से हैं। जबकि 62 हजार 158 शहरी क्षेत्रों से संबंधित हैं। उन्होंने बताया कि कुल छात्रों में से 94,832 एससी, 36,555 पिछड़ी और 42,615 सामान्य श्रेणी से हैं। इसी तरह संगरूर में 11,179 छात्रों को पंजाब स्मार्ट कनेक्ट योजना के तहत मुफ्त मोबाइल मिलने हैं, जिनमें 5,521 लड़कियां और 5,658 लड़के हैं। उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग की ओर से सिलेबस से संबंधित सारी सामग्री को एक ही एप में डाला जा रहा है। इससे छात्र घर बैठे ही किसी भी विषय की पढ़ाई मोबाइल के जरिये कर सकते हैं।
एक-एक चुनावी वादे को पूरा करना सरकार का फर्ज: कैप्टन
बुधवार दोपहर पंजाब सिविल सचिवालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये जन्माष्टमी के पवित्र दिवस और अंतरराष्ट्रीय युवक दिवस के मौके पर स्कीम की शुरुआत करते हुए कैप्टन ने कहा कि चुनावी घोषणा पत्र में किए वादे पर लोग विश्वास करते हैं, जिस कारण एक-एक वादे को पूरा किए जाने को यकीनी बनाना उनका फर्ज है। कैप्टन ने कहा कि जब कांग्रेस ने स्मार्टफोन को चुनावी वादे के तौर पर शामिल किया था, तब इसका उद्देश्य वैश्विक संचार सुविधा मुहैया करवाने के साथ-साथ उन गरीब नौजवानों का सशक्तीकरण करना था, जो स्मार्टफोन नहीं ले सकते थे।
सीएम ने कहा कि महामारी के मौजूदा समय में इन फोनों की अहमियत और भी बढ़ गई है, क्योंकि ऑनलाइन शिक्षा प्रणाली के कारण फोन जरूरत बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि यह पंजाब के लोगों का पैसा है, जिसे उनकी सरकार नौजवानों को मौजूदा परिस्थितियों में उनकी उन्नति के लिए खर्च कर रही है। उन्होंने कहा कि स्मार्टफोन मार्च में बांटने की योजना थी, परन्तु कोविड संकट के कारण देरी हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस स्कीम के अंतर्गत बांटे गए स्मार्टफोन कामकाज के लिहाज से बहुत अच्छे हैं और देखने में भी सुंदर हैं।