सेहत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कोविड नियमों के प्रति लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ फिलहाल कोई नया फैसला नहीं लिया गया है, लेकिन इस बारे में विचार किया जा रहा है कि लापरवाह लोगों को कोरोना संबंधी टेस्ट कराने पर बाध्य किया जाए, ताकि वे इस बीमारी की गंभीरता का खुद अंदाजा लगाएं और इससे बचने के उपायों को गंभीरता से लें। यह पूछे जाने पर बिना मास्क पकड़े जाने वालों का कोरोना टेस्ट क्या विभाग द्वारा कराया जाएगा? इस बारे में अधिकारियों ने कहा कि संभव है कि इस टेस्ट का खर्च संबंधित व्यक्ति को ही वहन करना पड़े।
हालांकि स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने ऐसी किसी भी योजना से इनकार करते हुए कहा कि पंजाब की जनता समझदार है। सेहत विभाग इस मुश्किल दौर में जनता की मुश्किल नहीं बढ़ाएगा। फिर भी कुछ लापरवाह लोगों के कारण अगर बाकी लोगों के लिए खतरा बढ़ रहा है तो ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाना जरूरी है।