केंद्र सरकार के बाद अब पंजाब सरकार ने भी राज्य में पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिए है। राज्य में अब पेट्रोल करीब 2. 58 रुपये प्रति लीटर और डीजल 1.05 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है। पंजाब में यह बढ़ोतरी राज्य सरकार द्वारा पेट्रोल डीजल पर लागू वैट की दरें बढ़ाए जाने के परिणाम स्वरूप हुई है। पेट्रोल पर वैट 1 रुपये और डीजल पर 50 पैसे बढ़ाया गया है।
राज्य में अब पेट्रोल का दाम 79 रुपये प्रति लीटर और डीजल का दाम 69. 2 रुपये प्रति लीटर हो गया है, हालांकि विभिन्न जिलों में इन कीमतों में कुछ अंतर दिखाई दे सकता है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल के दाम में करीब साढ़े 4 रुपये प्रति लीटर इजाफा किया था।
पंजाब सरकार गत 6 मई को पेट्रोल और डीजल की कीमत में 2-2 प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर चुकी है। केंद्र सरकार द्वारा अब किए गए इजाफे का कांग्रेस की ओर से कड़ा विरोध किया गया है जिसके तहत सोमवार को ही पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने राज्यपाल के जरिए केंद्र सरकार को पत्र लिखकर पेट्रोल डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी वापस लेने की मांग की थी।
रात 9 से सुबह 5 बजे तक लंबी दूरी की बस यात्रा पर रोक नहीं
कोविड-19 संकट के दौरान देशभर में रात 9:00 बजे से सुबह 5:00 बजे तक जारी कर्फ्यू लॉकडाउन की अवधि में आम लोगों की गतिविधियों पर रोक लगाने संबंधी एमएचए (गृह मंत्रालय) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों को स्पष्ट किया गया है। दिशा निर्देशों के अनुसार, रात 9:00 बजे से सुबह 5:00 बजे तक लंबी दूरी की बस सेवा, सामान ढोने वाले वाहन और वाहनों में सामान की ढुलाई व लदान की छूट रहेगी।
बसों में सफर कर रहे यात्री बस अड्डे से घर तक और घर से बस अड्डे तक आ जा सकेंगे। इन यात्रियों को लाने ले जाने वाले छोटे प्राइवेट वाहनों को भी इस अवधि में चलने की छूट रहेगी। मेडिकल और जरूरी सेवाएं भी बदस्तूर जारी रहेंगी। अन्य किसी भी कारण से उपरोक्त अवधि के दौरान घर से बाहर घूमना वर्जित रहेगा।