पंजाब में लगातार बढ़ रहे कोविड के मामलों से निपटने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने गुरुवार को कई कदम उठाए। इनके तहत 21 अगस्त से ही वीकएंड (हफ्ते के अंतिम दिन शनिवार-रविवार) के लिए लॉकडाउन और राज्य के सभी 167 शहरों व कस्बों में रोजाना शाम 7 बजे से सुबह 5 बजे तक रात के कर्फ्यू का एलान किया गया है। सीएम ने 31 अगस्त तक केवल विवाह और अंतिम संस्कार को छोड़कर राज्य भर में हर तरह की सभाओं पर पाबंदी लगाने के आदेश दिए।
उच्च अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए की गई समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री की ओर से जारी दिशा-निर्देशों में कहा गया कि इस महीने के अंत तक सभी सरकारी और निजी कार्यालय 50 प्रतिशत स्टाफ के साथ खुलेंगे। कैप्टन ने अधिकारियों को ये भी आदेश दिए कि वे सरकारी दफ्तरों में लोगों की आवाजाही को सीमित करें और ऑनलाइन शिकायत निवारण व्यवस्था को बढ़ावा दें।