सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने पहुंचे भीम सिंह के गांव के गुरमीत सिंह ने कहा कि भीम सिंह के दो बेटियां हैं। वह लंबे समय से भारतीय किसान यूनियन एकता (डकौंदा) के साथ काम कर रहे थे। किसानों की लड़ाई लड़ते हुए उनकी जान गई है। उनकी मौत प्रशासन की लापरवाही से हुई है। उन्होंने हरियाणा और पंजाब सरकार से किसान के परिवार के लिए मुआवजा राशि व सरकारी नौकरी देने की मांग की है।
बहादुरगढ़ में दो और किसानों की मौत
बहादुरगढ़ में आंदोलन में शामिल दो और किसानों की गुरुवार को मौत हो गई। दोनों किसान युवा थे। एक किसान पंजाब का तो दूसरा हरियाणा का रहने वाला है। इनमें से एक की मौत किसी बीमारी के चलते हुई है तो दूसरे की मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। एक किसान के शव को पीजीआई रोहतक में रखा गया तो दूसरे का बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल के शव गृह में।
पोस्टमार्टम के बाद ही दोनों की मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। दूसरी तरफ धरना दे रहे किसानों ने साथियों की मौत पर मौन धारण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। यहां पर अब तक आठ किसानों की मौत हो चुकी है। मरने वाले किसानों की पहचान 37 वर्षीय जय सिंह पुत्र कुलदीप निवासी गांव टुंगवाली जिला बठिंडा और 38 वर्षीय देवेंदर सिंह निवासी जींद के रूप में हुई है।
कुंडली धरनास्थल पर जा चुकी छह किसानों की जान
- 5 दिसंबर को पंजाब के नवांशहर के गांव हसनपुर खुर्द के सुरेंद्र सिंह की सड़क हादसे में जान गई।
- 8 दिसंबर को गांव बरोदा के किसान अजय की जान गई। (हार्ट अटैक से)
- 14 दिसंबर को पंजाब के जिला मोगा के गांव भिंडर कलां के मक्खन खान की जान गई (हार्ट अटैक से)
- 15 दिसंबर को पंजाब के जिला मोहाली के गांव कंड़ाला के किसान गुरमीत सिंह की जान गई। (हार्ट अटैक से)
- 15 दिसंबर को पंजाब के जिला पटियाला के गांव सौहली के किसान पाल सिंह की जान गई। (हार्ट अटैक से)
- 17 दिसंबर को भीम सिंह नंबरदार का शव ड्रेन में मिला।
गुरुवार सुबह दस बजे किसान का शव ड्रेन में मिलने की सूचना मिली थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर उसके ग्रामीणों के हवाले कर कर दिया है। पोस्टमार्टम व बिसरा रिपोर्ट में मौत के कारणों से पर्दा उठ सकेगा। - रवि कुमार, थाना प्रभारी, कुंडली।
मानसा के गांव फत्ता मालोका से किसान धरने में जा रहे नौजवान जतिंदर सिंह (26) पुत्र सुखपाल सिंह की बुधवार की शाम हिसार के नजदीक सड़क हादसे में मौत हो गई है। जतिंदर का कुछ माह पहले की विवाह हुआ था। उसकी मौत से गांव में शोक की लहर है। किसान जतिंदर सिंह बुधवार सुबह दिल्ली सीमा पर किसानों के धरने में शामिल होने को निकला था। हरियाणा के हिसार के पास उसके ट्रैक्टर को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे जतिंदर सिंह ट्रैक्टर से नीचे गिर गया और उसकी मौत हो गई।
पटियाला : मृतक किसानों के परिवार को मिलेंगे पांच-पांच लाख
करनाल के नजदीक सड़क हादसे में मरने वाले पटियाला के सन्नौर के गांव सफेड़ा के रहने वाले किसानों के परिवारों से मिलने गुरुवार को डिवीजनल कमिश्नर चंद्र गैंद पहुंचे। उन्होंने पंजाब सरकार की तरफ से इन परिवारों को पांच-पांच लाख की अनुग्रह राशि देने का एलान किया।
बता दें है कि पटियाला के गांव सफेड़ा के 22 साल के नौजवान किसान गुरप्रीत सिंह और 68 साल के किसान लाभ सिंह की दिल्ली के सिंघु बार्डर से लौटते वक्त सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद डिवीजनल कमिश्नर भादसों गांव सहौली के 60 साल के किसान पाल सिंह के घर पहुंचे और उनकी 102 साल की बुजुर्ग माता बचन कौर से मिलकर शोक व्यक्त किया। पाल सिंह की दिल्ली के कुंडली बार्डर पर चल रहे धरने के दौरान हार्ट अटैक से मौत हो गई है।