लंबी के गांव रानीवाला में बादल का धन्यवादी दौरा
- फोटो : अमर उजाला
पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि चुनाव से पहले कांग्रेस सरकार ने सूबे की जनता से जो वादे किए थे, वे अभी तक उनको पूरा करने के आसपास भी नहीं पहुंच पाई है। सरकार को लोगों को तोहफे के तौर पर पहले दिन ही बड़ी घोषणाएं कर देनी चाहिए थीं। मगर कांग्रेस ने यह तो क्या करना था, इसके विपरीत पहले से ही चल रहे विकास कार्यों के लिए आई रकम पर रोक लगा दी है।
उन्होंने मंगलवार को दूसरे दिन भी लंबी विधानसभा क्षेत्र के गांव रानीवाला में मतदाताओं का धन्यवादी दौरा किया। प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनते ही विकास कार्य अधूरे पड़ गए हैं। अगर कांग्रेस सूबे के हित में अच्छे कार्य करती है तो वह भी उन्हें सहयोग देंगे। मगर अफसोस है कि कांग्रेस ने चुनाव के दौरान जो वादे किए थे, उन पर खरा उतरना उनके लिए मुश्किल ही नहीं बल्कि असंभव है।
उन्होंने कहा कि किसान प्रतिदिन खुदकुशी के रास्ते पर चल रहा है। किसानों को फसलों का वाजिब दाम नहीं मिल रहा। इस वजह से उन्हें मुश्किलों से गुजरना पड़ रहा है। जब तक स्वामीनाथन कमीशन की ओर से दिए फसलों के दाम लागू नहीं हो जाते, तब तक किसान ऐसी बड़ी मुश्किलों में से नहीं निकल सकते।
फसल की खरीद एवं अदायगी किसानों को तुरंत होनी चाहिए
CM Parkash singh badal & Sukhbir singh badal
- फोटो : File Photo
शराब के ठेकों के मामले में राज्य सरकार की ओर से सुप्रीम कोर्ट में पटीशन डाले जाने पर उन्होंने कहा कि जो काम जन हित में होंगे, वे भी उसमें साथ देंगे। आरबीआई की ओर से कैश क्रेडिट लिमिट रोके जाने संबंधी पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि फसल की खरीद एवं अदायगी किसानों को तुरंत होनी चाहिए।
इस दौरान पंजाब एग्रो फूड ग्रेन कारपोरेशन के चेयरमैन और शिअद के जिला अध्यक्ष जत्थेदार दयाल सिंह कोलियांवाली ने भी पूर्व सीएम का स्वागत किया। बादल गांव रत्ताखेड़ा, बोदीवाला, मिड्ढा, पन्नीवाला, मोहला, रत्ता टिब्बा, करमपट्टी, रानीवाला, आलमवाला, असपाल, कबरवाल का भी दौरा किया। इस मौके पर ओएसडी गुरचरन सिंह सिद्धू, डॉ. फतेहजीत सिंह मान, बीबी वीरपाल कौर तरमाला, सरपंच मेजर सिंह, हरभजन सिंह मल्ली, नंबरदार जसबीर सिंह, बलविंदर सिंह, करम सिंह और सरपंच दविंदर सिंह मिड्ढा भी मौजूद थे।