पंजाब के सरकारी स्कूलों में बोर्ड कक्षाओं 8वीं, 10वीं और 12वीं में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों के नतीजों को सौ फीसदी बनाने के लिए शिक्षा विभाग ने नई मुहिम ‘गिव यॉर बेस्ट’ चलाई है। इसमें सुबह स्कूल लगने से पहले और शाम को छुट्टी के बाद विद्यार्थियों के लिए फ्री में अतिरिक्त कक्षाएं लगाई जाएंगी।
इस मुहिम के तहत 12वीं के विद्यार्थियों को नीट, जेईई और क्लैट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की भी तैयारी करवाई जाएगी। शिक्षा विभाग की तरफ से इस बारे में सभी जिलों को पत्र लिखा गया है। साथ ही पहल के आधार पर इस दिशा में कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें: NIA Raid in Punjab: मोगा के गांव झंडेवाला पहुंची एनआईए की टीम, फंडिंग के मामले में की गई है रेड
विद्यार्थियों को सितंबर टेस्ट में आए अंकों के हिसाब से तीन ग्रुपों में बांटना होगा। इनमें 40 फीसदी से कम अंक वाले विद्यार्थियों का एक ग्रुप रहेगा। दूसरा 40 से 80 फीसदी अंक वालों का रहेगा और तीसरा ग्रुप 80 फीसदी से अधिक वालों का रहेगा। साथ ही विद्यार्थियों की कमियों को दूर किया जाएगा। शिक्षकों को विद्यार्थियों को अतिरिक्त कोचिंग देने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
स्कूल प्रिंसिपलों की ओर से इस बारे में सारा रिकॉर्ड जुटाया जाएगा। उक्त शिक्षकों की हौसला अफजाई की जाएगी। उम्मीद है कि इससे स्कूलों का रिजल्ट सुधरेगा। गत समय में यह चीज देखने को मिलती रही कि कई जिलों में विद्यार्थियों का सालाना रिजल्ट काफी खराब रहता है।