प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रधान ललिता उर्फ किट्टू ग्रेवाल और भाजपा नेता जिम्मी कालिया को स्टेट बैंक ऑफ पटियाला की नकोदर चौक ब्रांच ने डिफाल्टर घोषित कर दिया है। उनको बैंक का कर्ज न चुकाने से बाहर बोर्ड पर इश्तिहार लगा दिया गया है।
प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रधान किट्टू ग्रेवाल को कार का लोन न चुकाने पर डिफाल्टर घोषित किया गया है। वहीं भाजपा नेता जिम्मी कालिया को 72 लाख 18 हजार 224 रुपये का डिफाल्टर घोषित किया गया है।
स्टेट बैंक ऑफ पटियाला के सीनियर अधिकारी बीएस क्लेर का कहना है कि यह डिफाल्टर के पोस्टर उनकी लोन शाखा अमन नगर ब्रांच की ओर से जारी किए गए हैं। पार्टियां डिफाल्टर क्यों और कैसे हुई, इसके बारे में उनसे ही पता चल सकता है।
इस बारे में किट्टू ग्रेवाल से बात करने की कोशिश की गई तो उनसे बात नहीं हो पाई। वहीं भाजपा नेता जिम्मी का कहना है कि वह तो इस कर्ज में सिर्फ गारंटी देने वालों में शामिल थे, उनके सिर पर कोई कर्ज नहीं है।
गारंटी होने से बैंक ने उनका फोटो लगाया है। जिम्मी कालिया भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं।