चौथे दिन दाखिल हुए 317 नामांकन पत्र
पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) डॉ. एस. करुणा राजू ने शुक्रवार को बताया कि एनकोर सॉफ्टवेयर पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार चौथे दिन राज्य में केवल 317 नामांकन ही दाखिल हुए हैं। नामांकन के तीन दिनों के दौरान 302 नामांकन दाखिल होने के साथ, अब तक राज्य में दाखिल हुए नामांकन की कुल संख्या 619 हो गई है। उन्होंने बताया कि नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख 1 फरवरी 2022 है। रविवार 30 जनवरी, 2022 को अवकाश होने के कारण इस दिन नामांकन पत्र नहीं प्राप्त किए जाएंगे।
भगवंत मान ने भी भरा नामांकन
वहीं आम आदमी पार्टी के सीएम पद उम्मीदवार भगवंत मान ने धुरी से अपना नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर मान के साथ उनकी माता हरपाल कौर उपस्थित थीं। नामांकन दाखिल करने जाने से पहले भगवंत मान ने अपनी माता से आशीर्वाद लिया। उनकी माता ने मुंह मीठा करवाकर उन्हें आशीर्वाद दिया। आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने भी भगवंत मान को नामांकन के लिए शुभकामनाएं दीं और रिकार्ड तोड़ वोटों से जीत हासिल करने की कामना की। उल्लेखनीय है कि भगवंत मान मौजूदा समय में लोकसभा हलका संगरूर से आम आदमी पार्टी के एकमात्र सांसद हैं और पार्टी के प्रदेश प्रधान भी हैं।
विधानसभा हलका धूरी के चुनाव अधिकारी के दफ्तर में नामांकन फार्म भरने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए भगवंत मान ने कहा कि हलका धूरी के लोगों ने हमेशा उनके सिर पर हाथ रखा है। जैसे वह पहले प्यार देते रहे हैं, इसी तरह अब भी सहयोग करेंगे। उन्हें उम्मीद है कि लोग आम आदमी पार्टी को वोट देकर सबसे अधिक वोटों के अंतर से जिताएंगे। बाद में भगवंत मान ने ट्वीट पर जानकारी साझा करते हुए लिखा कि नामांकन फार्म भरते समय सतगुरु जी की कृपा और माता जी का आशीर्वाद लिया। देश के महान शहीदों और बाबा साहिब जी के सपनों का पंजाब बनाने की सोच ध्यान में रखते हुए धूरी में नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान भगवंत मान के साथ आप नेता अशोक कुमार सिंगला (लक्खा), दलबीर सिंह ढिल्लों उपस्थित थे।
जनता के सामने रखूंगा सांसद के तौर पर काम और खर्च का ब्योरा : मान
मान ने कहा कि आने वाले दिनों में वह लोकसभा सदस्य के तौर पर किए काम, खर्च किए पैसे और संसद में किए काम का हिसाब लोगों की कचहरी में रखेंगे, ताकि सबको पता लग सके कि एमपी कोटे से धूरी में कितने पैसे लगे हैं। विरोधियों को निशाने पर लेते हुए मान ने कहा कि विरोधियों का काम ही दोष लगाना होता है।
इसके अलावा जालंधर सेंट्रल से बीजेपी के प्रत्याशी मनोरंजन कालिया ने भी शनिवार को अपना नामांकन पत्र भरा। रायकोट से कांग्रेस प्रत्याशी कामिल अमर सिंह बोपाराय ने अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उनके सांसद पिता डॉ. अमर सिंह बोपाराय और पत्नी कीरत कौर भी उनके साथ मौजूद रहे। पठानकोट से विधायक और कांग्रेसी उम्मीदवार अमित विज ने भी शनिवार को नामांकन भरा।