फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनी तो किसानों को सुविधाएं देंगे'

Thu, 28 Jan 2016 09:41 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनने पर कर्ज में डूबे किसानों को राहत दी जाएगी और नया एक्ट बनाया जाएगा। ये कहना है कैप्टन अमरिंदर सिंह का। उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर किसानों के लिए सोशल सिक्योरिटी एक्ट लाया जाएगा, जिसके तहत सहकारी बैंकों के कर्ज में डूबे किसानों को राहत दी जाएगी।
विज्ञापन


कैप्टन अमरिंदर चंडीगढ़ प्रेस क्लब में मीट दि प्रेस कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने राज्य में किसानों की आत्महत्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि जिन किसानों के पास एक से दो एकड़ भूमि है या खेत मजदूर हैं, उनकी मदद के लिए फंड बनाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस ने राज्य में किसानों को राहत देने के लिए शराब की हर बोतल पर टैक्स लगाकर स्पेशल सिक्योरिटी फंड के रूप में 500 करोड़ रुपये जमा किए और सीधे सोशल वेलफेयर विभाग को दे दिए थे, ताकि सामाजिक पेंशन धारकों को समय पर पेंशन मिलती रहे लेकिन अब बादल सरकार के समय 9 महीने से पेंशन नहीं बंटी है।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि आज पंजाब देश में पहले से 19वें स्थान पर खिसक गया है। प्रदेश में एक रुपये का निवेश भी नहीं आया है क्योंकि बिजली ही उपलब्ध नहीं है।

न्यूनतम वेतन 9000 रुपये करने का भी किया वादा
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि कांग्रेस के सत्ता में आते ही प्रदेश में हर परिवार के एक सदस्य को नौकरी सुनिश्चित की जाएगी और न्यूनतम वेतन 9000 रुपये मासिक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज कई जगह लोगों को 4000 रुपये वेतन ही मिल रहा है। उन्होंने कहा कि हालत यह है कि उनका माली आज 9000 रुपये वेतन ले रहा है और प्रदेश के टीचर 7000 रुपये वेतन के साथ सड़कों पर हैं।

विधायकों की जगह कांग्रेस नेताओं को मिलेगी चेयरमैनी
कैप्टन अमरिंदर ने प्रदेश में बोर्ड-निगमों में विधायकों को चेयरमैन बनाए जाने की परंपरा को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा कि उनकी सरकार बनने पर राज्य में किसी भी विधायक को बोर्ड-निगम की चेयरमैनी नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के कर्मठ नेता, जो पार्टी को आगे लाने के लिए मेहनत करते हैं, उन्हें ही चेयरमैन बनाया जाएगा।

धर्मनिरपेक्ष दलों से होगा गठबंधन
कैप्टन ने कहा कि पीपीपी से गठजोड़ हो चुका है और सीपीआई ने कांग्रेस को आगामी विधानसभा चुनाव में सहयोग देने का भरोसा दिलाया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में बसपा से चुनावी गठबंधन के बारे में अंतिम फैसला पार्टी आलाकमान ही करेगा। कांग्रेस छोड़कर आप में शामिल हुए नेताओं के बारे में एक सवाल पर कैप्टन ने कहा कि जो लोग पार्टी छोड़ कर आम आदमी पार्टी में चले गए हैं, उसके लिए उनके निजी हित हैं।

कैप्टन ने कहा कि कांग्रेस ने सुखपाल खैरा को चार मौके दिए, जिनमें से वे एक बार जीते और तीन बार हारे। अमन अरोड़ा को भी पांच बार उनके परिवार सहित मौका दिया गया था। कैप्टन ने कहा कि शायद इन नेताओं के यह लग रहा है कि वे आप में शामिल होकर जीत जाएंगे।

आज लोकसभा चुनाव हों तो चारों सीटें हार जाएगी आप
माघी मेले में आप के पंडाल में भारी भीड़ को लेकर एक सवाल के जवाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि यह गलत है। उन्होंने कहा कि मेले में कांग्रेस का पंडाल 8 एकड़ में लगा था और आप का 6 एकड़ में। पत्रकारों को जगह कम होने की वजह से आप के पंडाल में भीड़ ज्यादा दिखाई दी होगी। उन्होंने कहा कि यदि आज लोकसभा चुनाव हो जाएं तो आम आदमी पार्टी पंजाब की चारों सीटों पर हार जाएगी। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद आप का ग्राफ गिरा है।

प्रशांत किशोर ने पंजाब में कैंपेन का दिया है भरोसा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के सीएम नीतीश कुमार के इलेक्शन कैंपेन की बागडोर संभालकर चर्चा में आए प्रशांत किशोर पंजाब में कांग्रेस के लिए कैंपेनिंग करेंगे या नहीं, इस सवाल पर कैप्टन अमरिंदर ने कहा कि वे दो बार प्रशांत किशोर से मिल चुके हैं। उन्हें कैंपेनिंग के लिए साथ जोड़ने का फैसला पार्टी आलाकमान ही करेगी। उन्होंने कहा कि प्रशांत की रेपुटेशन ऐसी बन चुकी है कि वे जिसके साथ रहते हैं, वह नेता जीत जाते हैं।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें