पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने सूबे के पूर्व डीजीपी मोहम्मद मुस्तफा को अपना प्रधान रणनीतिक सलाहकार नियुक्त किया है। गुरुवार को सिद्धू ने मुस्तफा की पत्नी और पंजाब की कैबिनेट मंत्री रजिया सुल्ताना की मौजूदगी में मुस्तफा को ‘नियुक्ति का पत्र’ सौंपा।
सिद्धू ने एक ट्वीट के जरिए अपने फैसले को साझा करते हुए कहा कि मुस्तफा अपने डोमेन से संबंधित मुद्दों और अध्यक्ष द्वारा उपयुक्त समझे जाने वाले किसी भी अन्य मामलों पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के साथ-साथ पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के समन्वयक के रूप में भी कार्य करेंगे।
उल्लेखनीय है कि सिद्धू ने हाल ही में मुस्तफा समेत चार लोगों को अपना सलाहकार नियुक्त किया था लेकिन मुस्तफा ने तब सिद्धू के सलाहकार के रूप में काम करने से इनकार कर दिया था। मुस्तफा के अलावा जिन अन्य तीन सलाहकारों की नियुक्ति की गई थी, उनके नाम हैं- फतेहगढ़ साहिब से सांसद डॉ. अमर सिंह, डॉ. प्यारे लाल गर्ग और मलविंदर सिंह माली।
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को आलाकमान से मंत्रिमंडल विस्तार की हरी झंडी के बाद पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू ने प्रदेश इकाई में अपनी सरगर्मी बढ़ा दी है। लोगों तक अपनी पहुंच बनाने के लिए भी सिद्धू ने अब दो मीडिया सलाहकार नियुक्त किए हैं, जबकि कैप्टन के पास सिर्फ एक मीडिया सलाहकार है।
माना जा रहा है कि ट्विटर के जरिये सिद्धू आम लोगों तक उतनी पहुंच नहीं बना पा रहे जितनी सरकार के मुखिया के रूप में कैप्टन बना चुके हैं, इसलिए जगतार सिद्धू और सुरिंदर डल्ला को मीडिया सलाहकार बनाया है। इससे पहले सिद्धू ने परगट सिंह को प्रदेश कांग्रेस का महासचिव नियुक्त किया था। सिद्धू ने सोमवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी है। सियासी जानकारों के अनुसार, इसी के साथ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पुनर्गठन की शुरुआत हो गई है।
भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान परगट सिंह को सिद्धू के काफी करीबी और कैप्टन के विरोधी माने जाते हैं। परगट सिंह को महासचिव नियुक्त किए जाने के पत्र में लिखा है कि राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल और पंजाब कांग्रेस के प्रभारी हरीश रावत की स्वीकृति के बाद परगट सिंह को तत्काल प्रभाव से पंजाब कांग्रेस कमेटी का महासचिव (संगठन) नियुक्त किया है।