पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी।
- फोटो : फाइल
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह द्वारा अपनी पार्टी की घोषणा के बाद कांग्रेस पार्टी में हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस आलाकमान ने मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी समेत कई बड़े नेताओं और मंत्रियों को दिल्ली तलब कर लिया है। बताया यह भी जा रहा है कि अरूसा पर हमले से भी आलाकमान पंजाब के नेताओं से नाराज है।
पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी इस पूरे मामले को लेकर खुद ही नजर बनाए हुए हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार पाकिस्तानी पत्रकार अरूसा आलम के साथ सोनिया गांधी की तस्वीर कैप्टन अमरिंदर सिंह ने साझा की थी। इसके बाद कांग्रेस आलाकमान खासा नाराज है।
सिद्धु ने भी इस मामले को लेकर दिल्ली दौरे के दौरान सोनिया गांधी के सामने एतराज जताया। इसके बाद लगातार पंजाब के नेताओं को दिल्ली बुलाकर बातचीत की जा रही है। मंगलवार को कैप्टन के करीबी माने जाने वाले बलबीर सिद्धू, सुंदर शाम अरोड़ा, राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी और साधु सिंह धर्मसोत से राहुल गांधी सीधे बात कर चुके हैं। कैप्टन के एलान के बाद बुधवार को अचानक मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी को दिल्ली बुला लिया गया। जब उन्हें दिल्ली से बुलावा आया तो वह रोपड़ में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
अमित शाह से मिलेंगे कैप्टन अमरिंदर सिंह
पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच कृषि कानूनों व किसान आंदोलन के मुद्दे पर बातचीत होगी।