कैप्टन अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू।
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और विधायक नवजोत सिंह सिद्धू के बीच बुधवार को चाय पर मुलाकात हुई। बैठक में सिद्धू को कैबिनेट में वापस लाए जाने पर चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार, बैठक बेनतीजा रही। हालांकि दोनों की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। सिसवां में सीएम के साथ करीब आधा घंटा चली मुलाकात के बाद सिद्धू मीडिया से बात किए बिना ही चले गए।
25 नवंबर को लंच पर हुई बैठक के बाद जहां सिद्धू बेहद उत्साहित दिखाई दिए थे, वहीं बुधवार को वे साधारण सी मुस्कुराहट के साथ बाहर निकले। सूत्रों के मुताबिक, बैठक के दौरान सिद्धू ने अपना पुराना स्थानीय निकाय विभाग देने की मांग की है लेकिन कैप्टन ने उन्हें बिजली विभाग और साथ में कोई अन्य विभाग देने की पेशकश की है। इसे सिद्धू ने अस्वीकार कर दिया।
गौरतलब है कि सिद्धू ने जुलाई 2019 में अपना विभाग बदले जाने के विरोध में कैबिनेट मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद वे कैप्टन के समकक्ष पद की मांग पार्टी आलाकमान से करते रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने उपमुख्यमंत्री पद और प्रदेश कांग्रेस प्रधान के पद के विकल्प भी आलाकमान को सुझाए थे। अब दोनों नेताओं के बीच की दूरी पाटने का जिम्मा पार्टी के पंजाब मामलों के प्रभारी हरीश रावत ने संभाला है। ये मुलाकातें इसी का नतीजा है।
सिद्धू का ट्वीट और कैप्टन का फोटो
बैठक के बाद नवजोत सिद्धू ने ट्वीट किया कि - आजाद रहो विचारो से लेकिन बंधे रहो संस्कारों से ... ताकि आस और विश्वास रहे किरदारों पे ...। दूसरी ओर, कैप्टन के मीडिया सलाहकार ने सीएम व सिद्धू की एक फोटो ट्वीट कर लिखा है- एक तस्वीर जो हजार शब्दों के बराबर है।